लखनऊ, 12 नवंबर 2018: मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लेसा सहित अन्य जिलों में ई-सुविधा आपरेटरों की 5 दिवसीय हड़ताल के चलते लाखों विद्युत उपभोक्ता अपना बिजली बिल नहीं जमा कर पाये और बार-बार बिलिंग काउण्टर का चक्कर लगाने से उन्हें कठिनाई उठानी पड़ी, इस मामले को लेकर उप्र राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने आज ऊर्जामंत्री से मुलाकात कर इस गंभीर मुद्दे की पूरी वस्तुस्थिति से उन्हें अवगत कराया।
उपभोक्ता परिषद ने ऊर्जामंत्री के सामने यह भी मामला रखा कि लाखों विद्युत उपभोक्ता जो बिजली का बिल जमा नहीं कर पाये और इस दौरान उनकी निर्धारित जमा तिथि निकल गयी। अब उन्हें अनावश्यक विलम्ब सरचार्ज न देना पड़े इसलिये उनकी जमा तिथि को आगे बढ़ाया जाये।
बता दें कि उपभोक्ता परिषद ने ऊर्जा मंत्री के सामने वर्ष 2017 में जब 3 दिन लेसा में आपरेटरों की हड़ताल के चलते बिल नहीं जमा हो पाये थे, उस दौरान उपभोक्ता परिषद ने नियामक आयोग में एक याचिका दाखिल की थी। जिस पर आयोग द्वारा अविलम्ब जमा तिथि को आगे बढ़ाने का फरमान सुनाते हुए भविष्य में इस प्रकार की असुविधा न हो, के आदेश जारी किये गये थे, उस आदेश की एक प्रति भी सौंपी।
ऊर्जामंत्री श्री श्रीकान्त शर्मा ने उसी क्षण पावर कार्पोरेशन के अध्यक्ष को यह निर्देश दिया कि विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का अविलम्ब समाधान करते हुए उनकी जमा तिथि को आगे बढ़ाया जाये और इस प्रकार की कार्यवाही के चलते लाखों विद्युत उपभोक्ताओं को जो असुविधा हुई इसके लिये जो भी जिम्मेदार हों, उनकी जवाबदेही तय की जाये।
उ.प्र. राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा ऊर्जा मंत्री से चर्चा के बाद उपभोक्ता परिषद की पावर कार्पोरेशन व मध्यांचल कम्पनी के उच्चाधिकारियों से इस विशय पर चर्चा भी हुई। उम्मीद है बिजली विभाग द्वारा जल्द ही जो विद्युत उपभोक्ता हड़ताल के चलते अपना बिजली का बिल नहीं जमा कर पाये हैं, उनकी जमा तिथि आगे बढ़ाने का आदेश जारी किया जायेगा। जिससे उन्हें उस दौरान विलम्ब सरचार्ज का भुगतान न करना पड़े।







