लखनऊ, 13 जून। लोकसभा से लम्बित पदोन्नति में आरक्षण संवैधानिक संशोधन 117वां बिल पास कराने व सुप्रीम कोर्ट द्वारा पारित आदेश को उप्र में लागू कराने को लेकर आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र द्वारा आयोजित आगामी 17 जून,2018 को प्रातः 6 बजे से ‘आरक्षण बचाओ पैदल मार्च’ की तैयारी हेतु आज संघर्ष समिति के संयोजको ने बिजली, कृषि, परिवहन, शिक्षा विभाग में जनजागरूकता अभियान चलाया और सभी को पैदल मार्च में भाग लेने का अनुरोध किया।
वहीं दूसरी ओर आज अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार मौर्य ‘वीरू’ ने भी आरक्षण समर्थकों के पैदल मार्च का समर्थन करते हुये ज्यादा से ज्यादा संख्या में पिछड़े वर्ग के कार्मिकों को भाग लेने की अपील की। पहल ऐसा मौका है जब जो पिछड़े वर्ग के वह कार्मिक जो गुमराह थे वह बड़ी संख्या में आरक्षण विरोधियों का साथ छोड़कर अब आरक्षण समर्थक के पाले में खड़े हो गये है।
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र के संयोजकों अवधेश कुमार वर्मा, आरपी केन, अनिल कुमार, अजय कुमार, पीएम प्रभाकर, श्याम लाल, अन्जनी कुमार, लेखराम, प्रेम चन्द्र, अशोक सोनकर, अजय चौधरी, दिनेश कुमार, प्रभुशंकर राव, श्रीनिवास राव, सुनील कनौजिया ने कहा कि लगातार विभागवार जन जागरण अभियान जारी रहेगा, वहीं दूसरी ओर पिछड़े वर्ग के कार्मिक भी बढ़ चढकर आरक्षण के समर्थन में भाग ले रहे है।
संघर्ष समिति ने कहा हमेशा से आरक्षण समर्थकों का यह नारा रहा है कि ‘‘दलित-पिछड़ा भाई-भाई, आरक्षण की मिलकर करो लड़ाई।‘‘ अब इस नारे को पुनः बुलन्द करते हुये आरक्षण बचाओं पैदल मार्च में आरक्षण समर्थक दलित व पिछड़े वर्ग के कार्मिक बड़ी संख्या में भाग लेगें।







