लखनऊ, 22 दिसम्बर, 2018: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आज वाराणसी में अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान केंद्र का भ्रमण कर आगामी 29 दिसम्बर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रस्तावित कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान केंद्र के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि वैज्ञानिकों से काला नमक, राजरानी, बादशाह पसंद व ब्लैक राइस आदि प्रजातियों की उत्पादन क्षमता को बढ़ाए जाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि इससे उत्तर प्रदेश, विशेष रूप से पूर्वांचल क्षेत्र के किसानों को लाभ मिल सकेगा। इससे जहां एक ओर किसानों की आय में वृद्धि होगी, वहीं दूसरी ओर इसका सकारात्मक प्रभाव प्रदेश की आर्थिक विकास दर पर भी पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने काला नमक धान प्रजाति का उल्लेख करते हुए इसकी उत्पादकता और गुणवत्ता बढ़ाने तथा प्रदेश एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों की जलवायु के अनुसार इसकी पैदावार के सम्बन्ध में कार्य किए जाने का सुझाव दिया। उन्होंने इरी सेंटर की प्रयोगशालाओं, मीटिंग हॉल आदि को देखा और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों से वार्ता कर चावल अनुसंधान के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय रेल राज्य मंत्री श्री मनोज सिन्हा, प्रदेश के विधि-न्याय, युवा कल्याण, खेल एवं सूचना राज्य मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं पर्यटन श्री अवनीश कुमार अवस्थी, जिलाधिकारी श्री सुरेंद्र सिंह, इरी के निदेशक डॉ. अरविंद नाथ सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर साउथ एशिया श्री टीसी डोडीयाल एवं अन्य वैज्ञानिक गण आदि उपस्थित थे।







