- उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री से मिलकर कराया समस्या से अवगत
- ऊर्जा मंत्री का आश्वासन नहीं होने पायेगा उपभोक्ताओं के साथ अन्याय
लखनऊ, 25 जुलाई 2018: यूपी सरकार ने जहां प्रदेश के ग्रामीण जिलों में 18 से 20 घण्टे बिजली देने का लक्ष्य रखा है। वहीं यूपी के निजी क्षेत्र में कार्यरत नोएडा पावर कम्पनी अपने ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के लगभग 118 गांव में मात्र 10 से 12 घण्टे ही बिजली सप्लाई कर रही है, जिससे वहां के विद्युत उपभोक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। इसी मुद्दे को लेकर उप्र राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने आज प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री श्रीकान्त शर्मा से शक्ति भवन स्थित उनके कार्यालय में मिलकर इस समस्या से अवगत कराया।

उपभोक्ता परिषद ने मंत्री जी के सामने यह भी मुद्दा उठाया कि निजी क्षेत्र की पहली वितरण कम्पनी नोएडा पावर कम्पनी द्वारा जिस प्रकार से विद्युत उपभोक्ताओं के साथ भेदभाव पूर्ण कार्यवाही की जा रही है, वह निश्चित ही उपभोक्ता विरोधी है। उपभोक्ता परिषद लगातार नोएडा पावर कम्पनी के वित्तीय मानकों की सीएजी आडिट कराने की सरकार से मांग कर रहा है, जिससे यह पता चल सके कि नोएडा पावर कम्पनी की सही स्थिति क्या है? जिस प्रकार से निजी घराने आम जनता को बेवकूफ बना रहे हैं वह चिन्ता का विषय है।
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा ने उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा को यह आश्वासन दिया कि नोएडा पावर कम्पनी को हर हाल में वहां के विद्युत उपभोक्ताओं के हित में कार्य करना होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की नीतियों के तहत अच्छी बिजली उपलब्ध कराना नोएडा पावर कम्पनी की जिम्मेदारी है। इस मुद्दे पर मेरे द्वारा पूरी जानकारी मांगी गयी है, उस क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं के साथ न्याय होगा। इस मुद्दे पर उच्चाधिकारियों के साथ वार्ता भी जल्द करेंगे।







