लखनऊ, 29 जनवरी। पूर्व मंत्री श्री यशवंत सिंह ने लोकतंत्र सेनानियों की प्रति माह 5000 रुपये पेंशन वृद्धि के निर्णय को लेकर राज्यसरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हृदय से आभार जताया है और कहा है कि मुख्यमंत्री का काम दिखता है, बोलता नहीं है।
सोमवार को लोकतंत्र रक्षक कल्याण समिति की ओर से प्रकाशित वर्ष 2018 के कलेण्डर का लोकार्पण करते हुए श्री यशवंत सिंह ने कहा है कि योगी सरकार के इस निर्णय को लोकतंत्र सेनानियों में बहुत उत्साह है। इसकी जानकारी आम होने के बाद जो लोकतंत्र सेनानी जहाँ है, वहीं से मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त कर रहा है और मानकर चल रहा है कि आज नहीं तो कल उत्तर प्रदेश के सेनानियों की पेंशन मध्यप्रदेश के बराबर होगी।
लोकार्पण समारोह को सम्बोधित करते हए पूर्व मंत्री श्री यशवंत सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में प्रधानमन्त्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार देश को फिर से समृद्ध और सशक्त देश बनाने में लगी है, कुछ लोग निजी स्वार्थ के तहत इस पवित्र प्रयास को बाधित करने के लिए साजिश कर रहे हैं। लोकतंत्र सेनानी इस साजिश का मुंहतोड़ जवाब दें।
श्री सिंह ने राज्य सरकार को आश्वस्त किया है कि लोकतंत्र सेनानी उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के राज्य सरकार के अभियान को हर सम्भव सहयोग करेंगे। लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता श्री रामसेवक यादव ने की, इस अवसर पर सर्वश्री यमुना प्रसाद अवस्थी, देवेन्द्र सिंह, त्रिभुवन नारायण राय, दुर्गा प्रसाद, राम बक्श, आशीष कुमार अवस्थी, कमला प्रसाद अवस्थी, शिव कुमार अवस्थी ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।






