गरीबों तक नहीं पहुँच रही अलाव की सुविधा, अस्पतालों में मरीज बढ़ें
आज गुरुवार को कड़ाके की ठण्ड से पूरा प्रदेश काँप उठा। उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाएं चलने से पूरे प्रदेश में गलन भरी ठंड जारी है। बीती रात को यूपी की राजधानी लखनऊ में सबसे कड़ाके की ठंड पड़ी जहां न्यूनतम पारा 5।1 डिग्री तक पहुंच गया जो सामान्य से 3 डिग्री नीचे था। इसी प्रकार मेरठ में दिन के समय सबसे कड़ाके की ठंड रही जहां का पारा 11।6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से 11 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
मौसम विभाग का कहना है कि घना कोहरा पड़ेगा और दिन व रात के तापमान में भारी गिरावट होगी। इस दौरान पूरे यूपी में शीत लहर ठंड बढ़ाएगी। मौसम विभाग ने उम्मीद जतायी है कि अगले दो दिन मौसम शुष्क बना रहेगा।
इधर लखनऊ में बर्फीली हवाएं चलने से जिले में जबरदस्त ठण्ड रही। इस दौरान प्राइवेट स्कूलों ने भी अपने-अपने स्तर से स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए।
आज गुरुवार को राजधानी में दोपहर दो बजे के बाद कुछ देर के लिए गुनगुनी धूप निकली जिससे ठंड से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली। फिलहाल प्रदेश में शीतलहर का कहर जारी है।







