लखनऊ, 06 फरवरी 2019: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों में जबरदस्त उबाल है इसके आलावा यूपी के डेढ़ लाख से ज्यादा शिक्षा मित्र भी तकरीबन दो वर्ष से अपनी मांगों को लेकर आन्दोलित है। एक बार फिर मंगलवार से तीन दिनों के लिए शिक्षामित्रों ने आन्दोलन शुरू कर दिया है। शिक्षामित्रों के साथ कौशल किशोर व उनकी पत्नी विधायक जया देवी के साथ वार्ता हुई।
महाहड़ताल आज बुधवार से, सरकार सख्त धारा 144 लागू
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर डेढ़ सौ से अधिक कर्मचारी संगठनों की सात दिनों तक चलने वाली महाहड़ताल आज बुधवार से होगी। इस बीच लखनऊ के जिलाधिकारी ने सभी थाना क्षेत्रों में धारा 144 लागू कर दी है। हड़ताल का आह्वान करने वाले पुरानी पेंशन बहाली मंच के नेताओं ने दावा किया है कि उनकी तैयारियां पूरी हैं।
उधर, सरकार भी हड़ताली कर्मचारियों से निपटने को सख्त नजर आ रही है। कर्मचारी नेताओं ने हड़ताल की सफलता के लिए लखनऊ सहित समस्त जिलों में मंगलवार को रैलियां निकालकर सभाएं कीं। दूसरी ओर शासन में बैठे आला अफसरों ने भी कर्मचारियों के इस चक्रव्यूह को भेदने के लिए मातहतों के साथ माथापच्ची की। पुरानी पेंशन बहाली मंच के संयोजक हरि किशोर तिवारी ने बताया कि हड़ताल की नोटिस पूर्व में ही जारी की जा चुकी है। इसके बावजूद यदि हड़ताल के दौरान कर्मचारियों व शिक्षकों के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई होती है, तो जरूरी सेवाओं को ठप कराना मजबूरी होगी।







