लखनऊ मोहल्ला समितियों के जागरूक उपभोक्ताओं ने कहा: बिजली दर बढ़ोत्तरी सरकार ले वापस अन्यथा होगी आर-पार की लड़ाई
लखनऊ,21 जुलाई 2019: पावर कारपोरेशन व बिजली कम्पनियों द्वारा घरेलू शहरी ग्रामीण किसानों की बिजली दरों में व्यापक प्रस्तावित बृद्धि के खिलाफ जहाॅ एक तरफ विद्युत नियामक आयोग आम जनता की सुनवाई कर रहा है वहीं इस बार पूरे प्रदेश की मोहल्ला समितियां भी बढ़ोत्तरी के विरोध में आर-पार की लड़ाई लड़ने की तैयारी कर रही है। उसी क्रम में लखनऊ जन कल्याण महामंच के तत्वाधान में लखनऊ नगर वासियों की आज एक आपात बैठक लखनऊ जन कल्याण महामंच के अध्यक्ष पीताम्बर भट्ट की अध्यक्षता में एवं श्री सुशील कुमार बच्चा के संचालन में सम्पन्न हुई, जिसमें विशेष तौर पर आमंत्रित किये उप्र राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष व राज्य सलाहकार समिति के सदस्य अवधेश कुमार वर्मा ने पहुॅच कर विस्तार से बिजली दर बढ़ोत्तरी के बारे में लखनऊ विभिन्न मोहल्लों की समितियों के पदाधिकारियों को विस्तार से अवगत कराया, जिसके बाद गणमान्य उपभोक्ताओं ने सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पास किया कि बिजली दर बढ़ोत्तरी हुई तो व्यापक जन आन्दोलन किया जायेगा। लेकिन बढ़ोत्तरी स्वीकार नहीं होगी।
बिजली दर बढ़ोत्तरी के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ना है: अवधेश कुमार वर्मा
राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि अब समय आ गया है सभी विद्युत उपभोक्ताओं को एकजुट होकर बिजली दर बढ़ोत्तरी के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ना है। घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं की बिजली दरों में जिस प्रकार से बढ़ोत्तरी प्रस्तावित की गयी है उससे ऐसा प्रतीत होता है जैसे घरेलू उपभोक्ता अपने घर में फैक्ट्री लगा रखा है। उत्तर प्रदेश में घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं की दरें पहले से ही बहुत ज्यादा है ऐसे में आगे कोई भी बढ़ोत्तरी स्वीकार नहीं की जायेगी। उपभोक्ता परिषद पूरे प्रदेश में एक बड़े जन आन्दोलन की तैयारी में जुटा है, जिसमें किसान, युवा, मोहल्ला समितियां एकजुट होकर बढ़ोत्तरी के खिलाफ बजायेगी बिगुल।
बैठक को सम्बोधित करते हुये सर्वश्री हरिश्चन्द्र जोशी, पीताम्बर भट्टा, सुशील कुमार बच्चा, जगदम्बा शरण दीक्षित, गजराज सिंह, मो. यूनुस, उमंग निगम, पंकज कुमार तिवारी, गजेन्द्र सिंह सिसौदिया, विनोद कुमार बोरा, डा. जीसी राम वर्मा, दया कृष्ण बाजपेई, अजय पाल सिंह ने कहा कि लखनऊ जन कल्याण महामंच उपभोक्ता परिषद द्वारा चलायी जा रही बिजली दर बढ़ोत्तरी के खिलाफ हर लड़ाई में हम साथ है। बढ़ोत्तरी हुई तो सड़कों पर आन्दोलन किया जायेगा।






