नई दिल्ली, 24 दिसम्बर 2018: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ भ्रष्टाचार के मामले में फंस गए हैं उन्हें भ्रष्टाचार के शेष बचे दो मामलों में पाकिस्तान की एक भ्रष्टाचार निरोधक अदालत ने 7 साल की सजा सुनाई है। इसके अलावा नवाज शरीफ पर 2.5 मिलियन का जुर्माना भी लगाया है। फैसला सुनने के लिए नवाज शरीफ अदालत में मौजूद थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जज अरशद मलिक ने नवाज के कोर्ट रूम में पहुंचने के कुछ ही मिनटों में अपना संक्षिप्त फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा, ‘फ्लैगशिप इनवेस्टमेंट मामले में आरोपी के खिलाफ कोई केस नहीं बनता है. अल अजीजिया स्टील मिल केस में दोष सिद्ध होता है।’
बता दें कि इस्लामाबाद स्थित जवाबदेही अदालत के जज मुहम्मद अरशद मलिक ने शरीफ के खिलाफ फ्लैगशिप इनवेस्टमेन्ट और अल-अजीजिया मामलों में सुनवाई पूरी होने के बाद पिछले हफ्ते अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। सुप्रीम कोर्ट ने तीन बार प्रधानमंत्री रह चुके शरीफ के खिलाफ भ्रष्टाचार के शेष बचे दो मामलों का निपटारा करने के लिए सोमवार की समयसीमा तय की थी।







