लखनऊ 30 जून उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस ने नौकरी पेशा लोगों को बलात्कार के झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी देकर रुपये ऐंठने के आरोप में शातिर अपराधी और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि महानगर थाने में गत 15 जून को दूरसंचार विभाग के हेड आपरेटर राजेश कुमार ने बलात्कार के फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर रुपये ऐंठने का मामला दर्ज कराया था। महानगर पुलिस ने इस संबंध में कानपुर के गोविन्दनगर रेलवे स्टेशन के पास से औरैया निवासी राजेश कुमार तिवारी और उसकी महिला सहयोगी कल्पना उर्फ लाली उर्फ गुडिया को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि ये लोग नौकरी पेशा लोगों से मेलजोल बढाकर उनके संबंध में जानकारी हासिल कर लेते थे। बाद में बलात्कार के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठना शुरु करते थे । दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया गया है ।






