श्रीनगर, तीन अक्तूबर:श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास स्थित बीएसएफ के एक शिविर पर आतंकवादियों ने आज आत्मघाती हमला किया, जिससे बल के तीन जवान घायल हो गए।
पुलिस महानिदेशक एस पी वैद ने बताया कि एक शव बरामद किया गया है और संदेह है कि यह आतंकवादी का शव है। लेकिन उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।
बीएसएफ अधिकारियों ने कहा, तीन कर्मी घायल हुए हैं। गोलीबारी जारी है।
उन्होंने बताया कि हमला सुबह चार बजे हुआ। आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी अभी जारी है।
बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी 182वीं बटालियन के शिविर के परिसर की एक इमारत में छिपे हुए थे।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों की आतंकवादियों के साथ मुठभेड जारी होने के कारण हवाईअड्डे पर विमानों की आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है। आतंकवादी गोगोलैंड में बीएसएफ की 182वीं बटालियन के मुख्यालय में घुस गए थे।
इस बटालियन पर श्रीनगर हवाईअड्डे के रनवे की सुरक्षा का जिम्मा है।
शिविर के निकट पुराना श्रीनगर वायु क्षेत्र है जिसका परिचालन भारतीय वायुसेना करती है।
इलाके में बीएसएफ और सीआरपीएफ के प्रशिक्षण केंद्र भी हैं।







