नई दिल्ली, 05 जनवरी। आरबीआई ने 2000 और 500 के नए नोट नोटबंदी के वक्त ही जारी किये थे, लेकिन नए नोट जारी करने का सिलसिला अभी भी जारी है। नोटबंदी के बाद 200 और 50 के नए नोट भी सामने आ चुके हैं। सूत्रों के अनुसार रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया 10 रु का नया नोट लाने वाला है। ये नोट चॉकलेट ब्राउन रंग का होगा और इस पर कोणार्क के सूर्य मंदिर की तस्वीर भी अंकित होगी।
आखिरी बार साल 2005 में 10 रु के नोट में बदलाव हुआ था। सरकार से नए नोट के डिजाइन पर अनुमति मिलने के बाद एक बिलियन दस रुपये के नोट आरबीआई छाप चुका है। हालांकि इस मामले पर आरबीआई के प्रवक्ता ने कुछ भी कहने से मना कर दिया है। मोदी सरकार लगातार कैशलेस इकोनॉमी को बढ़ावा दे रही है और छोटे नोटों में जाली नोट के चलन को रोकने के लिए भी प्रयास कर रही है। आरबीआई का नया कदम सरकार की पहल से प्रभावित बताया जा रहा है।







