नई दिल्ली, 06 दिसम्बर। रूस और चीन के विदेश मंत्री 11 दिसंबर को भारत दौरे पर आ रहे हैं। तीनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच होने वाली इस त्रिपक्षीय बैठक में आपसी हितों वाले वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों की समीक्षा होने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय ने अपने एक बयान में बताया कि चीन के विदेश मंत्री वांग यी और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव इस त्रिपक्षीय बैठक के लिए भारत आ रहे हैं। डोकलाम गतिरोध के बाद चीन के साथ यह पहली उच्च स्तरीय बैठक होगी।
विदेश मंत्रालय ने बताया तीनों देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में आपसी हितों वाले वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों के साथ-साथ त्रिपक्षीय आदान-प्रदान और गतिविधियों की समीक्षा होने की उम्मीद है। विदेश मंत्रियों की बैठक यहां अप्रैल में ही होने वाली थी, लेकिन तारीख की समस्या की वजह से चीन के विदेश मंत्री वांग द्वारा शामिल होने की पुष्टि नहीं किए जाने के बाद यह स्थगित कर दिया गया था। उस समय ऐसी मीडिया रिपोर्ट आई थी कि भारत द्वारा दलाई लामा को अरुणाचल प्रदेश की यात्रा करने की अनुमति देने का विरोध करने के लिए चीन ने यह यात्रा रद्द कर दी। चीन ने इन खबरों को खारिज कर दिया था। विदेश मंत्रालय ने कहा लावरोव और वांग भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। लावरोव और वांग भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मिल सकते हैं।







