लखनऊ,18 जनवरी। अप्रवासी भारतीयों की शिकायतों के आॅनलाइन शीघ्र निस्तारण हेतु जनपद स्तर पर छह सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, विभिन्न देशों में निवास कर रहे उत्तर प्रदेश मूल के भारतीयों के हितों का ध्यान रखने और उनकी शिकायतों का अविलम्ब समाधान करने के लिए एक नयी वेबसाइट बनायी गयी है जो 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। नवनिर्मित वेबसाइट का संचालन उद्योग बंधु स्थित यू.पी.एन.आर.आई. शिकायत निवारण केन्द्र से होगा। शिकायतों के अविलम्ब निस्तारण और समय से मामलों की सुनवाई के लिए जनपद स्तर पर बनाई गई समिति कार्य करेगी।
प्रमुख सचिव द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार जनपद स्तर पर बनाई गई समिति में जनपद के जिलाधिकारी को अध्यक्ष, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सदस्य, विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी या उपाध्यक्ष द्वारा नामित अधिकारी को सदस्य, मुख्य विकास अधिकारी को सदस्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सदस्य तथा उप्र वित्तीय निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को सदस्य सचिव नामित किया गया है।
वेबसाइट में प्राप्त शिकायतों के समय से अनुश्रवण के लिए प्रत्येक स्तर पर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जनपद में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक,पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक (सी.ओ.) तथा संबंधित विकास प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उपाध्यक्ष अप्रवासी भारतीयों की वेबसाइट पर प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।