लखनऊ । उप्र की योगी सरकार ने तीन तलाक की शिकार महिला को नवगठित उत्तर प्रदेश राज्य अल्पसंख्यक आयोग का सदस्य नियुक्त किया है। सोफिया अहमद तीन तलाक की शिकार हैं। चैबीस वर्षीय वाणिज्य स्नातक सोफिया सरकार द्वारा गठित पैनल के आठ सदस्यों में शामिल हैं। आयोग के अन्य सदस्य रूमाना सिददीकी, सैयद इकबाल हैदर, सुरेश जैन रितुराज, सुखदर्शन बेदी, मनोज कुमार मसीह, अफजल चैधरी और मोहम्मद आलम हैं। विदित हो कि तलाक के बाद से ही सोफिया तीन तलाक के खिलाफ आवाज उठाती रही हैं। उन्होंने उच्चतम न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाया। सोफिया का निकाह 2015 में राजनीतिक पृष्ठभूमि के एक व्यक्ति से हुआ था लेकिन साल भर बाद ही उनका संबंध विच्छेद हो गया। इसके बाद वह तीन तलाक को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देने वाले याचिकाकर्ताओं में से एक रहीं। सोफिया भाजपा में दिसंबर 2016 में शामिल हुई थीं।







