ताकि दिल्ली में न हो 9/11 जैसा हमला
नई दिल्ली,22 अप्रैल। देश की राजधानी दिल्ली में न्यूयॉर्क के 11 सितंबर जैसा हमला न हो, इसके लिए भारतीय वायु सेना ने अमेरिका से 6500 करोड़ रुपए की लागत वाली बहुस्तरीय हवाई रक्षा प्रणाली को लाने का एक प्रस्ताव तैयार किया है और जल्दी ही वह इसे आगे बढ़ाएगी। इस प्लान के मुताबिक राजधानी के विभिन्न स्थानों पर मिसाइल नेटवर्क के पांच से छह यूनिट तैनात किए जाएंगे। इनके द्वारा शहर में चौतरफा और 360 डिग्री सुरक्षा मुहैया कराएगी जाएगी।
गौरतलब है कि 11 सितंबर-2001 को अमेरिका के न्यूयॉर्क और दो अन्य जगहों पर हुए हमलों में आतंकियों ने कई यात्री विमानों का अपहरण कर लिया था और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर जैसे अमेरिकी ताकत के महत्वपूर्ण प्रतीकों पर हमला करने के लिए उन्हें हथियार की तरह इस्तेमाल किया था।
एक सूत्र ने बताया कि एक अमेरिकी कंपनी से मिसाइल डिफेंस सिस्टम खरीदने के प्रस्ताव पर जल्दी ही रक्षा मंत्रालय की एक उच्च स्तरीय बैठक में चर्चा की जाएगी। इसे यदि मंजूरी मिली तो 9/11 जैसे हमले रोकने में मदद मिलेगी। इस प्रणाली में कई तरह की मिसाइलें शामिल होती हैं, जिनसे विभिन्न अक्षांश और दूरी पर स्थित टारगेट को मारा जा सकता है। अभी भारत में इस तरह की सुरक्षा के लिए रूसी एयर डिफेंस सिस्टम है, जो कई दशकों से सेवा में है और अब पुराना पड़ चुका है।







