लखनऊ / संवाददाता : 68500 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे अभ्यर्थियों का प्रदर्शन अब और तेज हो गया है। लंबे समय से अपनी मांगों के निस्तारण का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों ने आखिरकार अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चित्रकूट निवासी दीपक पटेल और बरेली के नशीम फरीदी भगवान श्री राम जी की तस्वीर सामने रखकर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। भूख हड़ताल शुरू करने से पहले अभ्यर्थियों ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया और अपनी मांगों की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन शासन और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अंततः मजबूर होकर उन्हें यह कठोर निर्णय लेना पड़ा है। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।







