नई दिल्ली, 07 दिसम्बर। राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में एक 87 साल के बुजुर्ग द्वारा आठ साल की मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी बुजुर्ग ने चार दिसंबर को रोहिणी इलाके के अस्थायी खाद्यान्न भंडार के बाहर खेल रही मासूम बच्ची को लालच दिया और फिर उसके साथ बलात्कार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बच्ची के साथ जबर्दस्ती की। उस खाद्यान्न भंडार में छत नहीं थी और एक महिला ने अपने घर के छज्जे से आरोपी को लड़की के साथ जर्बदस्ती करते देखा। इसके बाद महिला ने शोर मचाया और आस-पास के लोगों को घटना के बारे में बताया। प्रत्यक्षदर्शी महिला के शोर मचाने के बाद आस-पास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। हालांकि आरोपी वहां से भाग निकला था। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और बच्ची को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को घटना वाले दिन ही गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ केस भी दर्ज किया है।






