मुंबई। पैन इंडिया सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की हर फिल्म और हर नया लुक चर्चा का विषय बन जाता है। अब निर्देशक लोकेश कनगराज के साथ उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म AA23 को लेकर फैंस की उत्सुकता चरम पर है। फिल्म से जुड़े करीबी सूत्र के अनुसार, इस बार अल्लू अर्जुन ऐसे अवतार में नजर आएंगे, जिसे दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा होगा।
जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन और गहन रिसर्च
सूत्रों का दावा है कि अल्लू अर्जुन और लोकेश कनगराज ने इस लुक पर काफी रिसर्च और एक्सपेरिमेंट किए हैं। दोनों की कोशिश है कि किरदार की स्टाइलिंग सिर्फ आकर्षक न लगे, बल्कि उसकी पूरी शख्सियत और कहानी को भी पर्दे पर बयां करे। इसी वजह से इस लुक को लेकर पूरी गोपनीयता बरती जा रही है।
दोनों की ताकत का संगम
अल्लू अर्जुन ‘आर्या’ से लेकर ‘पुष्पा’ तक हर किरदार में पूरी तरह ढलने के लिए जाने जाते हैं। वहीं लोकेश कनगराज की फिल्मों की पहचान दमदार कैरेक्टर्स और यूनिक विजुअल स्टाइल है। दोनों के साथ आने से AA23 का यह लुक खास होने की उम्मीद है।
अल्लू अर्जुन की एटली निर्देशित ‘राका’ और ‘पुष्पा 3: द रैम्पेज’ जैसी फिल्मों ने पहले ही दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अब निगाहें AA23 के इस रहस्यमयी और संभावित आइकॉनिक लुक पर टिकी हुई हैं।






