लखनऊ : नीब करोरी बाबा की जिंदगी पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। करीब ₹2 करोड़ के बजट में फिल्म ₹50 करोड़ का कारोबार कर चुकी है और इस साल की सफल हिंदी फिल्मों में अपनी जगह बना ली है। दूसरे हफ्ते के बाद फिल्म को दर्शकों का अच्छा वर्ड ऑफ माउथ मिला, जिसके चलते इसके शोज बढ़ रहे हैं और यह सिनेमाघरों में यश की पैन-इंडिया फिल्म ‘टॉक्सिक’ को भी कड़ी टक्कर दे रही है।
फिल्म की सफलता के बाद ‘हनुमान अंश 2’ की तैयारी शुरू हो गई है। डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी के मुताबिक, सीक्वल में नीब करोरी बाबा की जन्मभूमि फिरोजाबाद और उनके आगरा-मथुरा में बिताए जीवन पर फोकस किया जाएगा। फिल्म को शुरुआत में ट्रायलॉजी के रूप में पेश किया गया था और यह निर्देशक की लिखी किताब ‘डिवाइन डीटूर’ से प्रेरित है।






