सपना गोयल की अगुआई में 200 से अधिक महिलाओं ने देखी फिल्म; जय श्रीराम के जयकारों और पीली साड़ियों से गूंज उठा वेव सिनेमा?
लखनऊ, 16 सितम्बर 2026: ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति की संस्थापक व सनातन ध्वजवाहिका सपना गोयल के नेतृत्व में गोमती नगर स्थित ‘वेव सिनेमा’ में 200 से अधिक महिलाओं के लिए आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान पीली सनातनी साड़ियों में मौजूद मातृशक्ति के जयकारों से पूरा सिनेमाघर परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान फिल्म के मुख्य कलाकारों में अमित दुबे और स्निग्धा द्विवेदी को सनातन संस्कृति और मानवीय मूल्यों को पर्दे पर जीवंत करने के लिए सम्मानित किया गया।
सेवा और मानवता का संदेश देती फिल्म
सपना गोयल ने कहा कि भगवान हनुमान भक्ति, सेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के अद्वितीय प्रतीक हैं। फिल्म ‘हनुमान अंश’ न केवल सनातनी आध्यात्मिक चेतना को जगाती है, बल्कि समाज को ‘सबसे प्यार करो, सबकी सेवा करो’ का पावन संदेश भी देती है। उन्होंने बताया कि भारतीय सिनेमा को सही दिशा देने में ऐसी आध्यात्मिक फिल्मों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
10 राज्यों तक पहुँचा ‘सुंदरकांड महाअभियान’
भारत को पुनः विश्व गुरु के रूप में प्रतिष्ठित करने के संकल्प के साथ संस्था द्वारा उत्तर प्रदेश के 42 जिलों और देश के 10 राज्यों में निरंतर सुंदरकांड पाठ आयोजित किए जा रहे हैं।
अयोध्या राम जन्मभूमि परिसर (जहाँ आगामी 25 सितम्बर 2026 को भी सामूहिक पाठ प्रस्तावित है), काशी विश्वनाथ, नैमिषारण्य, चित्रकूट, हरिद्वार और प्रयागराज जैसे प्रमुख धामों में मासिक व सामूहिक सुंदरकांड के पाठ आयोजित किए जा चुके हैं।
सुंदरकांड अभियानों के साथ-साथ संस्था महिलाओं को एकजुट कर ‘सेवा परमो धर्मः’ और स्वदेशी अपनाने का संदेश भी निरंतर फैला रही है।







