सपा प्रमुख के इस कदम से उत्तर प्रदेश की सियासत में गर्माहट; क्या ‘सॉफ्ट हिंदुत्व’ के रास्ते पर चलकर कांग्रेस पर भारी पड़ेंगे अखिलेश?
नवेद शिकोह
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर राम मंदिर और धार्मिक आस्था का केंद्र बिंदु चर्चाओं के बाजार को गर्म कर रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव का अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन करने का निर्णय कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए राजनीतिक असहजता पैदा कर सकता है?
इतिहास के पन्नों और पारिवारिक सियासी मायने
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि जब सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र (अखिलेश यादव) राम मंदिर जाने का फैसला कर सकते हैं और अयोध्या को सनातन की राजधानी बनाने की बात कर रहे हैं, तो फिर ‘जनेऊधारी ब्राह्मण’ कहे जाने वाले राहुल गांधी को मंदिर जाने में परहेज क्यों होना चाहिए?
आलोचकों का तर्क है कि जिस पार्टी पर अतीत में कारसेवकों पर गोलियां चलवाने के आरोप लगते रहे हैं, यदि उसका शीर्ष नेतृत्व अब रामलला के दरबार में हाजिरी लगा रहा है, तो यह बदलते राजनीतिक समीकरणों का स्पष्ट संकेत है। इसके विपरीत, यह भी कहा जा रहा है कि जिन पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में मंदिर का ताला खुला था, उनके पुत्र राहुल गांधी का इस मामले में संकोच करना सियासी जानकारों को हैरान करता है।
‘मास्टरस्ट्रोक’ या ‘रिस्की एक्सपेरिमेंट’?
अखिलेश यादव के इस कदम के कई राजनीतिक निहितार्थ निकाले जा रहे हैं:
सनातनी और सवर्ण मतदाताओं पर नजर: विश्लेषकों का मानना है कि इस कदम से सपा पर लगने वाले ‘हिंदू विरोधी’ या ‘अल्पसंख्यक परस्त’ होने के आरोप कमजोर होंगे। इससे बहुसंख्यक समाज और खासकर ब्राह्मण मतदाताओं का विश्वास पार्टी की ओर आकर्षित हो सकता है।

इंडिया गठबंधन के भीतर दबाव: इस फैसले से कांग्रेस और राहुल गांधी पर वैचारिक रूप से दबाव बढ़ सकता है, क्योंकि उत्तर प्रदेश जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से संवेदनशील राज्य में चुनावी बिसात पर पिछड़ना कोई भी दल नहीं चाहेगा।
वोट बैंक खिसकने का जोखिम: दूसरी तरफ, राजनीतिक जानकारों का एक वर्ग यह भी मानता है कि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर जैसे नेताओं की सक्रियता के बीच, इस तरह के फैसलों से सपा के पारंपरिक मुस्लिम वोट बैंक में छितराव (विखराव) होने का खतरा भी पैदा हो सकता है।
कुल मिलाकर, प्राण प्रतिष्ठा के समय न जाने और अब चुनाव से पहले राम मंदिर का रुख करने के अखिलेश यादव के इस फैसले ने यूपी की सियासत में एक नई बहस छेड़ दी है। देखना यह होगा कि यह दांव समाजवादी पार्टी के लिए संजीवनी बनता है या फिर विपक्षी खेमे में नए अंतर्विरोधों को जन्म देता है।






