भगवान चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा : प्रयागराज में भक्ति का सैलाब
कायस्थ समाज का भव्य आयोजन
प्रयागराज, 01 नवम्बर। प्रयागराज में कायस्थ समाज के तत्वावधान में भगवान श्री चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जगदीश श्याम चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी धीरज श्रीवास्तव की अगुवाई में यह यात्रा प्रातः 11 बजे मेजर रंजीत सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (कायस्थ पाठशाला) से शुरू हुई। सिविल लाइन, पत्थर गिरिजा और हाईकोर्ट होते हुए यात्रा वापस कायस्थ पाठशाला में संपन्न हुई।
भक्ति में डूबे रहे लोग
शोभायात्रा में श्री चित्रगुप्त महाराज के भव्य रथ के साथ बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के साथ अन्य समाज के लोग भी शामिल हुए। पूरी यात्रा के दौरान लोग भगवान की भक्ति में लीन दिखे और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। सफल आयोजन में टी.पी. सिंह, धीरज श्रीवास्तव, समीर शंकर, कौशलेंद्र नाथ सिंह, प्रवीण श्रीवास्तव और धुन्नू आदि की विशेष भूमिका रही।चर्चा में रहे धीरज श्रीवास्तव
शोभायात्रा में पूर्व प्रशासनिक अधिकारी धीरज श्रीवास्तव की सक्रियता चर्चा का विषय बनी। प्रयागराज मूल के राजस्थान कैडर के अधिकारी रहे धीरज श्रीवास्तव सोनिया गांधी के लंबे समय तक ओएसडी और प्रियंका गांधी के निजी सचिव रह चुके हैं। उन्हें 2019 में प्रियंका गांधी की चर्चित गंगा जल यात्रा का शिल्पकार माना जाता है। शहर से जुड़ाव के कारण उन्होंने प्रयागराज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आगामी विधानसभा चुनाव में कायस्थ बहुल सीटों पर उन्हें मजबूत दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।







