अमेरिकी राजनीति ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सत्ता का अहंकार और व्यक्तिगत सनकें अंततः जनता के सामने टिक नहीं पातीं। 2026 के मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को दोनों सदनों सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में भारी हार का सामना करना पड़ा। डेमोक्रेटिक पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया। यह महज चुनावी हार नहीं, बल्कि उस नीति और रवैये की जवाबदेही है, जिसमें एक व्यक्ति की जिद ने न सिर्फ अपने देश, बल्कि पूरी दुनिया को तनाव और अनिश्चितता में धकेला।
ट्रंप प्रशासन की सबसे बड़ी विरासत बनी ईरान के साथ बढ़ती सैन्य कार्रवाई और उससे उपजी महंगाई। अमेरिकी मतदाताओं ने साफ संकेत दिया कि वे लंबे युद्ध, बढ़ती तेल-गैस कीमतों और आर्थिक दबाव को बर्दाश्त करने को तैयार नहीं हैं। मसाचुसेट्स एमहर्स्ट विश्वविद्यालय के सर्वेक्षण में 68 प्रतिशत लोगों ने ईरान युद्ध को संभालने के ट्रंप के तरीके से असहमति जताई। पेट्रोल की कीमतें आम नागरिकों के लिए हमेशा से चुनावी मुद्दा रही हैं। जब रोजमर्रा का खर्च बढ़ता है और परिवार आर्थिक दबाव महसूस करते हैं, तो कोई भी ‘मजबूत नेता’ का नारा काम नहीं आता। महंगाई ने ट्रंप के आर्थिक वादों की पोल खोल दी। उन्होंने महंगाई कम करने और परिवारों की स्थिति सुधारने का बड़ा वादा किया था, लेकिन मिडटर्म चुनाव तक आम लोगों की आर्थिक परेशानियां और जीवनयापन की लागत बड़ी चिंता बनी रहीं।
इसी के साथ आया आप्रवासन का मुद्दा। सत्ता में आने के बाद ट्रंप ने निर्वासन और सख्त इमिग्रेशन नियमों पर जोर दिया। लेकिन यह नीति उल्टी पड़ गई। मतदाताओं ने इसे भी अपनी नाराजगी का हिस्सा बनाया। अमेरिकी राजनीति में लंबे समय से चले आ रहे ध्रुवीकरण को और तीखा करने वाले बयानों ने भी असर डाला। मिशिगन में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद की जीत इसका प्रतीक बन गई। ट्रंप ने उन्हें खुले मंच से ‘जिहादी’ कहा था। अल-सैयद अमेरिका के इतिहास में सीनेटर चुने जाने वाले पहले मुस्लिम बने। यह नतीजा दिखाता है कि नफरत और लेबलिंग की राजनीति अब पहले जैसी आसानी से नहीं चल रही।
ट्रंप की हार सिर्फ रिपब्लिकन पार्टी की हार नहीं है। यह उस सोच की हार है जो विदेश नीति को व्यक्तिगत प्रतिशोध या सनक का मैदान बना देती है। ईरान संघर्ष ने अमेरिकी राजनीति और अर्थव्यवस्था दोनों पर दबाव बढ़ाया। तेल आपूर्ति की अनिश्चितता, सैन्य खर्च और घरेलू महंगाई ये सब मिलकर मतदाताओं को नाराज करने के लिए काफी थे। डेमोक्रेटिक पार्टी, जिसे बराक ओबामा की पार्टी के रूप में देखा जाता है, ने इस नाराजगी का फायदा उठाया और दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर लिया। यह जीत ओबामा युग की याद दिलाती है कि जब कूटनीति, गठबंधन और घरेलू प्राथमिकताओं पर जोर दिया जाता था।
अब सवाल यह है कि अमेरिका इस जनादेश से क्या सबक लेगा। ट्रंप की हार ने साफ कर दिया कि दुनिया को युद्ध में धकेलने वाली नीतियां अंततः घरेलू राजनीति को भी नुकसान पहुंचाती हैं। मतदाता रोटी, रोजगार और स्थिरता चाहते हैं। वे लंबे संघर्ष और बढ़ती कीमतों से थक चुके हैं। डेमोक्रेट्स के पास अब अवसर है कि वे इस बहुमत का इस्तेमाल संयमित विदेश नीति और आर्थिक राहत के लिए करें। अन्यथा जनता का यही संदेश अगली बार किसी और को भी याद दिला सकता है।
अमेरिकी लोकतंत्र ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई है। सनक और अहंकार की राजनीति का जवाब जनता ने दिया है। अब देखना होगा कि विजेता इस जनादेश का सम्मान करते हैं या फिर वही चक्र दोहराया जाता है।






