- शरीर में छिपा खतरनाक प्रोटीन, सिर्फ दो बूंद खून बताएगा कब आएगा दिल पर संकट
- एरा यूनिवर्सिटी ने बनाई दुनिया की पहली सस्ती ‘एडमा’ टेस्ट मशीन, जल्द बाजार में
लखनऊ : अचानक मौत की खबरें अब किसी को भी नहीं बचा पा रही हैं। “वो तो बिल्कुल फिट था, फिर हार्ट अटैक कैसे?” – ये सवाल अब सिर्फ सवाल नहीं रहा। एरा यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने इसका जवाब ढूंढ लिया है।
हार्ट अटैक अचानक नहीं आता, 10-12 साल पहले ही शुरू हो जाता है खतरा
एरा यूनिवर्सिटी में आयोजित 5वीं अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस (आईएसपीएमकॉन-2026) में वैज्ञानिकों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। दिल का दौरा कोई अचानक नहीं आता। शरीर में एक छिपा हुआ प्रोटीन मॉलिक्यूल — सीरम एडमा (ADMA) — हार्ट अटैक आने से 10-12 साल पहले ही बढ़ना शुरू हो जाता है। अब तक इसकी जांच का कोई आसान और सस्ता तरीका नहीं था। अब वह तरीका मिल गया है।
एरा यूनिवर्सिटी ने ऐसी मशीन विकसित कर ली है जो सिर्फ दो बूंद खून से एडमा की जांच कर सकती है। इस शोध को पेटेंट भी करा लिया गया है।
कोलेस्ट्रॉल नहीं, यह प्रोटीन है असली खतरा
यूनिवर्सिटी की उपकुलपति प्रो. फरजाना महदी ने बताया, “अभी तक दिल का हाल जानने के लिए सिर्फ कोलेस्ट्रॉल और लिपिड की जांच होती थी। लेकिन 50 फीसदी मरीजों का कोलेस्ट्रॉल बढ़ा ही नहीं होता, फिर भी उन्हें हार्ट अटैक हो जाता है। हमने सोचा कि शरीर में कोई हिडन चीज जरूर है। तब हमें यह प्रोटीन मॉलिक्यूल मिला – सीरम एडमा। यह फैट या लिपिड नहीं, बल्कि प्रोटीन का मॉलिक्यूल है।”
उन्होंने कहा कि इसकी जांच के लिए पहले अमेरिका और अन्य देशों से महंगी किट मंगवानी पड़ती थी, जो आम आदमी के लिए संभव नहीं था। अब नई मशीन से सिर्फ दो बूंद खून में ही यह टेस्ट हो जाएगा।
‘हम सब एक बम पर बैठे हैं’
प्रो. फरजाना महदी ने चेतावनी देते हुए कहा, “हम सब एक बम पर बैठे हुए हैं। कब फटेगा, किसी को नहीं पता। अचानक मौतें बहुत बढ़ गई हैं। अगर इस स्पेशल टेस्ट से पहले पता चल जाए तो लोग समय रहते इलाज शुरू कर सकते हैं, लाइफस्टाइल बदल सकते हैं और खान-पान में सुधार कर सकते हैं। कुछ दवाओं से खतरा वहीं रुक भी सकता है।”
चेन्नई की कंपनी के साथ कोलैबोरेशन, जल्द आम लोगों तक पहुंचेगी
इस रिसर्च को मरीजों तक पहुंचाने के लिए एरा यूनिवर्सिटी ने चेन्नई की डॉ. जननी दक्षिणामूर्ति की कंपनी जीन ऑरा प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी की है। कंपनी अब सस्ती टेस्ट किट मशीन का प्रोटोटाइप तैयार कर रही है।
फिलहाल एरा में इस स्पेशल टेस्ट की स्क्रीनिंग शुरू हो चुकी है। जिन लोगों का एडमा बढ़ा हुआ मिलेगा, उनका आगे ईसीजी और इको कर समय रहते बचाव शुरू किया जाएगा।
सिर्फ दिल नहीं, डायबिटीज-कैंसर की भी शुरुआती पहचान
प्रो. फरजाना महदी ने बताया कि सिर्फ दिल ही नहीं, डायबिटीज, ग्लूकोमा और कैंसर की शुरुआती पहचान पर भी काम चल रहा है।
एरा यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. डॉ. अब्बास अली महदी ने कहा कि हर दवा हर व्यक्ति पर एक जैसी काम नहीं करती। इसलिए पर्सनलाइज्ड मेडिसिन विभाग की स्थापना की गई है, जो देश में अपनी तरह का अनूठा विभाग है। इस मौके पर डॉ. शिराज रिजवी ने भी नई एडमा टेस्ट मशीन के फायदों के बारे में विस्तार से बताया।
अब सवाल सिर्फ इतना है कि क्या आप अपने दिल के छिपे खतरे की जांच करवाएंगे, या इंतजार करेंगे कि अलार्म बजने से पहले ही बम फट जाए?






