लाखों घंटियों की गूंज, 2000 साल पुराने देवदार के जंगल और ‘वैन एलन बेल्ट’ की चुंबकीय ऊर्जा जैसे अल्मोड़ा की आध्यात्मिक यात्रा का एक रोमांचक सफर
उत्तराखंड का कुमाऊं मंडल अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, रहस्यमयी झीलों और हजारों साल पुराने मंदिरों के लिए जाना जाता है बता दें कि देहरादून से करीब 400 किलोमीटर दूर बसा अल्मोड़ा केवल एक हिल स्टेशन नहीं, बल्कि आस्था, इतिहास और रहस्यमयी विज्ञान का एक ऐसा संगम है, जिसकी कहानियां हर किसी को हैरान कर देती हैं।
चितई मंदिर: जहाँ चिट्ठियों और स्टैंप पेपर पर लिखी जाती है अर्जी
अल्मोड़ा की आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत प्रसिद्ध चितई मंदिर या ‘घंटियों वाले मंदिर’ से होती है यह मंदिर कुमाऊं के न्याय के देवता गोलू देवता को समर्पित है मान्यता है कि गोलू देवता एक बहादुर और न्यायप्रिय शासक थे, जिनकी आत्मा आज भी इस मंदिर में विराजमान है।
इस मंदिर की सबसे अनूठी परंपरा यह है कि यहाँ श्रद्धालु अपनी मनोकामना या न्याय की गुहार चिट्ठियों और बाकायदा कानूनी स्टैंप पेपर पर लिखकर टांग जाते हैं और जब उनकी मुराद पूरी हो जाती है, तो वे वापस आकर आभार स्वरूप मंदिर में घंटी चढ़ाते हैं। मंदिर परिसर में लटकी लाखों घंटियां इस बात का जीता-जागता प्रमाण हैं कि यहाँ आने वाले कितने लोगों की झोली भरी है।
जागेश्वर धाम और दंडेश्वर महादेव: देवदार के जंगलों में बसी शिव नगरी
चितई से लगभग 30 किलोमीटर आगे घने देवदार के जंगलों के बीच बसा है जागेश्वर धाम, जिसे 12 ज्योतिर्लिंगों में से आठवां माना जाता है। 2000 साल से भी अधिक पुराने इस परिसर में छोटे-बड़े करीब 125 मंदिरों का समूह है, जिनका जिक्र स्कंद पुराण और महाभारत जैसे ग्रंथों में भी मिलता है।
प्रकृति के चमत्कार: यहाँ एक विशालकाय वृक्ष है, जो नीचे से एक है और ऊपर जाकर दो हिस्सों में बंट जाता है जिसे स्थानीय लोग शिव और पार्वती का रूप मानते हैं इसके अलावा यहाँ चट्टान पर प्राकृतिक रूप से उभरी भगवान गणेश की आकृति भी श्रद्धालुओं को विस्मित करती है।
दंडेश्वर और वृद्ध जागेश्वर: जागेश्वर से कुछ ही दूरी पर जाट गंगा के किनारे दंडेश्वर महादेव मंदिर है, जहाँ पौराणिक कथाओं के अनुसार सप्तऋषियों के श्राप के बाद शिवजी ने दंड भोगा था। वहीं, पहाड़ की ऊंची चोटी पर स्थित वृद्ध जागेश्वर को जागेश्वर से भी प्राचीन माना जाता है , पास ही स्थित कुबेर मंदिर में लोग अपना घर बनने की कामना से पत्थरों के छोटे-छोटे घरौंदे बनाते हैं ।
कसार देवी: जहाँ आध्यात्म से मिलता है नासा (NASA) का विज्ञान
अल्मोड़ा से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित कसार देवी मंदिर एक ऐसा स्थान है, जहाँ केवल श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि नासा के वैज्ञानिक भी शोध करने आते हैं माँ दुर्गा के अवतार माँ कौशिक देवी को समर्पित यह मंदिर पृथ्वी के ‘वैन एलन बेल्ट’ (Van Allen Belt) के प्रभाव क्षेत्र में आता है।
इस दुर्लभ भौगोलिक स्थिति के कारण यहाँ अत्यधिक तीव्र भू-चुंबकीय ऊर्जा (Geomagnetic Energy) मौजूद है, जो इसे ध्यान (Meditation) के लिए दुनिया के सबसे शक्तिशाली स्थानों में से एक बनाती है। यही कारण है कि साल 1890 में स्वामी विवेकानंद ने भी यहाँ की एक प्राचीन गुफा में साधना की थी । ऊंचाई पर स्थित इस मंदिर से सूर्योदय, सूर्यास्त और रात में तारों की तरह चमकते अल्मोड़ा शहर का नजारा मंत्रमुग्ध कर देता है ।
मालूम हो कि इन प्रमुख स्थलों के अलावा अल्मोड़ा के बाजार में स्थित ऐतिहासिक नंदा देवी मंदिर, शांत झांकर सैम मंदिर और मोक्ष धाम आश्रम (जहाँ एक ही स्थान पर देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के स्वरूप स्थापित हैं) इस यात्रा को पूर्णता प्रदान करते हैं। अल्मोड़ा की यह भूमि सचमुच यह एहसास कराती है कि जब प्रकृति, इतिहास और रहस्य एक साथ मिलते हैं, तो एक साधारण यात्रा भी जीवन भर के लिए एक अलौकिक अनुभव बन जाती है।







