12 सूत्रीय मांगों को लेकर सैकड़ों शिक्षकों ने की नारेबाजी; बीएसए के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
लखनऊ: वर्षों से लंबित अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले सैकड़ों शिक्षकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष सुधांशु मोहन की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में शिक्षकों ने 12 सूत्रीय मांग पत्र के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे बीएसए विपिन कुमार को सौंपा।
प्रदर्शनकारियों की यह थीं प्रमुख मांगें:
- पुरानी पेंशन और टीईटी: 1 अप्रैल 2005 से पूर्व नियुक्त सभी शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने और टीईटी (TET) की अनिवार्यता समाप्त करने हेतु विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की मांग की गई।
- पदोन्नति और वेतनमान: 12 वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को तत्काल शुरू करने, गैर-टीईटी पास शिक्षकों को भी पदोन्नति देने, ब्रिज कोर्स में न्यूनतम अंक की बाध्यता खत्म करने तथा 12 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को माध्यमिक शिक्षकों की भांति प्रोन्नत वेतनमान देने की आवाज उठाई गई।
- स्थानांतरण और अन्य सुविधाएं: शीतकालीन अवकाश में अंतर्जनपदीय एवं पारस्परिक स्थानांतरण करने, टास्क फोर्स की जांच बंद करने, योग्य मृतक आश्रितों को शिक्षक पद पर नियुक्ति देने, विद्यालयों में सफाईकर्मी व चौकीदार रखने तथा द्वितीय शनिवार व उपार्जित अवकाश अनुमन्य करने की मांग रखी गई।

पदाधिकारियों ने कहा : यदि जल्द मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा
धरने को प्रांतीय उपाध्यक्ष वंदना सक्सेना, जिला कोषाध्यक्ष फहीम बेग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह और महानगर अध्यक्ष अरुणेंद्र तिवारी सहित विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्षों में योगेंद्र सिंह (गोसाईगंज), अजय सिंह (काकोरी), अवधेश कुमार (मलिहाबाद), प्रदीप सिंह (माल), राधेश्याम यादव (बीकेटी), राम शंकर शुक्ल (मोहनलालगंज) और डॉ. प्रमोद कुमार त्रिपाठी (चिनहट) ने संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






