लखनऊ 9 नवंबर। देश की राजधानी दिल्ली केे बाद उप्र की राजधानी लखनऊ भी ठंड और कोहरे के अलावा स्मॉग की चपेट में आ गयी है। यही वजह है कि दिल व सांस के मरीजों की एक ओर मुश्किलें बढ़ी हैं तो वहीं अस्पतालों में ऐसे रोगियों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। आंकड़ों के मुताबिक सरकारी अस्पतालों में सांस व दिल के मरीजों की ओपीडी में 20 से 25 प्रतिशत बढ़ गयी।
सरकारी अस्पतालों में सर्दी-खांसी और अस्थमा से पीड़ित काफी मरीज पहुंच रहे हैं। राजधानी के बलरामपुर, सिविल और लोहिया समेत दूसरे अस्पतालों में हृदय व पल्मोनरी विभाग के वार्ड में मरीजों की संख्या बढ़ी है। हालत यह है कि टीबी एंड चेस्ट विभाग पूरी तरह से भर गया है। मेडिसिन विभाग में मरीजों की भर्ती की जा रही है। उधर, बलरामपुर अस्पताल में इमरजेंसी व हृदय रोग की यूनिट में सभी 60 बेड भरे हैं। इसके अतिरिक्त 20 बेड बढ़ा दिए गए हैं। कमोबेश यही हाल लोहिया अस्पताल का भी है, यहां इमरजेंसी वार्ड के सभी 40 बेड भरे हैं।







