इलाहाबाद 9 नवंबर। कुम्भ मेला आयोजन के सफल प्रबन्धन की दिशा में मण्डलायुक्त डा आशीष कुमार गोयल ने मेले के सभी प्रबन्धनों में सफाई व्यवस्था को सर्वाधिक महत्वपूर्ण एवं सबसे बड़ी चुनौती के रूप में लिया है। मण्डलायुक्त ने कुम्भ मेले के आयोजन में सफाई सम्बन्धी व्यवस्था की गहन समीक्षा करने के लिए अपने कार्यालय स्थित सभागार में माघ मेले से सम्बन्धित सभी विभागों की एक बैठक बुलाई जिसमें जिलाधिकारी सुहास एलवाई, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष भानु चन्द्र गोस्वामी, नगर आयुक्त एवं स्वास्थ्य विभाग समेत आयोजन से सम्बन्धित सभी अधिकारी मौजूद थे। उप्र हेल्थ स्ट्रेन्थेनिंग प्रोजेक्ट की ओर से कुम्भ आयोजन हेतु नियुक्त परामर्शदाता सलोनी गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण से परामर्श करते हुये कुम्भ में सफाई व्यवस्था के प्रभावी संचालन की रणनीति बनाई गयी।
बैठक में मण्डलायुक्त ने कुम्भ आयोजन के दौरान ठोस एवं तरल अपशिष्ट के प्रभावी प्रबन्धन की हर सम्भावना पर विचार करते हुए, इस आयोजन को सफाई प्रबन्धन का आदर्श मानक बनाने का लक्ष्य अधिकारियों के सामने रखा उन्होंने हर तैयारी का प्रारम्भिक प्रयोग इस वर्ष के माघ मेले में ही सुनिश्चित कर लेने का निर्देश दिया। मण्डलायुक्त ने कहा कि किसी भी बडे मेले के आयोजन में उसका भीड़ प्रबन्धन और सफाई व्यवस्था ही उसकी उत्तमता का मानक होती है। हमें दिव्य और भव्य कुम्भ के लिये माघ मेले से ही हर सफाई व्यवस्था का उत्तम इंजजाम कुम्भ तक सुनिश्चित करना है।







