नई दिल्ली । उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी की हालत काफी नाजुक बताई गई है। बीती 26 अक्टूबर को तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के मैक्स सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका उपचार करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि उनकी हालत काफी नाजुक है, इसलिए उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। उनका उपचार करने वाले एक चिकित्सक ने बताया रविवार को उनका ब्लड प्रेशर काफी कम हो गया था। हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। डॉक्टरों की एक टीम चौबीस घंटे उनकी हालत पर नजर रख रही है। बता दें कि 91 वर्षीय तिवारी पिछले माह चाय पीते समय बेहोश हो गए थे। सितंबर में उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, जिसकी वजह से उनकी हालत नाजुक हो गई थी।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहने के अलावा केंद्रीय मंत्री और आंध्र प्रदेश के राज्यपाल की भूमिका निभा चुके तिवारी का इलाज वरिष्ठ न्यूरोसर्जन जेडी मुखर्जी एवं वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ सुमित सेठी की निगरानी में किया जा रहा है। एनडी तिवारी यूपी के तीन बार और एक बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह भारत के एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने दो राज्यों की कमान संभाली।







