अंशुमाली रस्तोगी
क्या समाज खुद से हार चुका है? क्या समाज के सुधरने की उम्मीद खत्म हो चुकी है? अक्सर ऐसे प्रश्न हमारे सामने मुंह खोले खड़े रहते हैं। इन प्रश्नों के उत्तर या तो हमारे पास होते नहीं या फिर हम खुद को इनसे बचाने की कोशिश में लगे रहते हैं। लेकिन कब तक? कभी न कभी तो हमें इनसे रू-ब-रू होना ही पड़ेगा। महज टाल भर देने से काम नहीं चलने वाला।
जिन बेतरतीब रास्तों पर आज का समाज चल पड़ा है उसमें अस्थिरताओं के अलावा कुछ भी दिखाई नहीं देता। हर रोज अखबारों में आने वाली खबरों में किसी न किसी रिश्ते के टूटने का जिक्र रहता है। रिश्ते ऐसे ही नहीं बल्कि बहुत बुरी तरह से टूटकर बिखर रहे हैं। कभी रिश्ते हमारी पहचान हुआ करते थे आज एक बोझ समान लगते हैं। किसी को किसी की चिंता नहीं। हर कोई अपनी ही धुन में मस्त अपने से ही मतलब रखे हुआ है। रिश्ते तो रिश्ते रहे यहां तो पड़ोस में भी कोई नहीं जानता एक दूसरे को। जानकर करना भी क्या है, तुम अपनी जिंदगी में व्यस्त हम अपनी।
यही वजह है कि आपसी रिश्तों में मिठास अब नाममात्र की रह गई है। बड़ा अजीब-सा लगता है, अखबारों में अपनी ही बेटी-बहू के साथ बलात्कार की खबरों को पढ़कर। रुपए-पैसे-जमीन के लिए आपने ही भाई-बंधु का कत्ल कर देना। प्रेम-प्रसंगों पर होने वाली घटनाओं की तो जाने ही दीजिए। शायद ही कोई दिन ऐसा गुजरता जो जब किसी प्रेमी-युगल के आत्महत्या या ऑनर-किलिंग की खबरें अखबारों में न आती हों।
समझा जा सकता है जिस समाज में प्रेम करना ही गुनाह बना दिया गया हो उसमें रिश्तों की डोर को बांधे या साधे रखना कितना कठिन है।
पिछले दिनों एक बाप द्वारा अपनी चार बेटियों को चलती ट्रेन से फेंक देने की घटना भी ऐसे ही दरकते रिश्तों की बानगी थी। कैसे कोई बाप इतना क्रूर हो सकता है कि अपनी ही बेटियों को फेंक दे! और कैसे कोई बच्चे अपनी मां के प्रति इतने लापरवाह हो सकते हैं कि जब उनकी लाश उनके फ्लैट से निकाली जाए तो पता ये लगे कि उन्हें मरे हुए तो महीनों बीत चुके हैं। इतना ही नहीं हाल की एक घटना तो मेरे शहर से जुड़ी है, जिसमें एक बेटी को आत्महत्या इसलिए करनी पड़ी क्योंकि उसका पिता उसे खाने को कुछ नहीं देता था।
ऐसी तमाम घटनाओं से यह समाज भरा पड़ा है। कभी-कभी तो जानकर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
बड़ा सवाल तो यह है कि इन सबके लिए किसे दोषी ठहरायें, किसे जाने दें? हमारा सामाजिक ताना-बाना इतनी बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो चुका है कि किसी से कुछ कहते या पूछते हुए भी डर-सा लगता है कि कहीं अगला बुरा न मान जाए। सहनशीलता का निरंतर छीजते जाना भी बड़ी वजह है।
जबकि पढ़ा और सुना यही गया है कि पढ़ा-लिखा प्रगतिशील समाज अधिक जागरूक होता है आपसी रिश्तों की महत्ता को समझ व निभा पाने में। मगर हो उल्टा रहा है, जो जितना प्रगतिशील ऊपर से दिख-जान पड़ता है, वो उतना ही अंदर से खोखला होता है। अपवादों को जाने दीजिए पर सामाजिक हकीकत यही है।
आधुनिकता से हमने कुछ नहीं सीखा। सिर्फ उसका लबादा भर ओढ़ रखा है। आधुनिक समाज इतना दकियानूसी नहीं हो सकता जो अपने ही रिश्तों का बलात्कार करने को उतावला हो बैठे! वो इतना भी बंद-दिमाग नहीं होता कि व्हाट्सअप कर अपनी बीवी को तलाक दे दे। अपने मां-बाप से इतना दूर चला जाए कि जब लौट तो उनकी लाश घर के किसी कोने में दबी-पड़ी मिले।
ये कृत्रिम सामाजिक अधुनिकतायें शहरों को तो विकसित कर रही हैं पर हमें अपने ही रिश्तों से काट भी रही हैं। शायद इस एहसास को हम समझकर भी समझने की कोशिश नहीं करना चाहते।
कभी-कभी इस बात पर यकीन कर लेने का मन करता है कि समाज की मानसिकता को समझ पाना बेहद कठिन है। पलभर में समाज किस करवट अलट-पलट जाएगा कोई नहीं जानता। ये जितना आ-संवेदनशील है उतना ही संवेदनशील भी। जितना आ-व्यहवारिक है उतना ही व्यहवारिक भी। यों समाजशास्त्री समाज को लेकर चाहे जितनी भी परिभाषाएं क्यों न गढ़ लें पर इसकी चाल है निराली।
समाज और हमारे बीच लगातार टूटते रिश्ते शायद ही किसी की चिंता का सबब बनते हों। ‘सब चलता है’ कि धुन में सबकुछ को बिसरा देने को उतारू हैं सभी। सोचिए, जब रिश्ते ही नहीं ठहर पाएंगे हमारे बीच तो अपना कहने को यहां रह क्या जाएगा? इतना फॉर्मल होना भी ठीक नहीं कि खुद से बिछड़ने का गम भी न रहे।
ये दुनिया भाग तो बहुत तेजी से रही है पर अपने पीछे कितना कुछ छोड़ती भी जा रही है, इसका एहसास नहीं किसी को। वक़्त की कमी के बहाने ने हर रिश्ते को खुद से दूर कर दिया है। जो पास है भी उसकी कोई कद्र नहीं।
कुछ और का कहा नहीं जा सकता पर हां आगे आने वाली पीढ़ी को हम विरासत में टूटे रिश्तों के खिलौने सौंपकर जाएंगे उनका मन बहलाने को! तब तक सामाजिक रिश्ते जाने कैसी शक्ल अख्तियार कर चुके होंगे।
लेखक वरिष्ठ व्यंगकार और पत्रकार है







