नई दिल्ली । पाक जेल में बंद कुलभूषण जाधव से 25 दिसंबर को उनकी पत्नी और मां की मुलाकात और उसके बाद परिवार के साथ की गई बदसुलूकी के बाद जहां भारत में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्से का माहौल है। वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के एक नेता नरेश अग्रवाल ने बयान दिया कि जिससे विवाद पैदा हो गया है। नरेश अग्रवाल ने पाकिस्तान द्वारा जाधव के प्रति अमानवीय व्यवहार को सही ठहराया है। अगर पाकिस्तान ने कुलभूषण को आतंकवादी माना है तो उसके साथ वैसा ही व्यवहार करेंगे जैसा वो कर रहे हैं। नरेश अग्रवाल के इस बयान के बाद भाजपा नेताओं में रोष देखा जा रहा है।
भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने मांग की है कि पार्लियामेंट्री अफेयर मंत्री को एक रिजोल्यूशन पास कर नरेश अग्रवाल को माफी मांगने के लिए कहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि वह मना करते हैं तो उनकी संसद सदस्यता को ही खत्म कर देना चाहिए। नरेश अग्रवाल ने कहा की हमारे देश में भी आतंकवादियों के साथ ऐसा ही कड़ा व्यवहार करना चाहिए जैसा कि पाकिस्तानी जेलों में भारतीयों के साथ किया जा रहा है। पाकिस्तान की जेलों में सैकड़ों भारतीय बंद हैं, ऐसे में उनकी भी बात होनी चाहिए, सिर्फ जाधव की नहीं। सपा सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि उनका कहने का मतलब था कि पाक जेल में बंद भारतीयों के साथ जैसा व्यवहार किया जाता है, हमें भी भारतीय जेल में बंद पाक जासूस या आतंकियों के साथ करना चाहिए। हम उनके साथ खुली छूट देकर व्यवहार कर रहे हैं, वो नहीं करना चाहिए। भाजपा नेता जीवीएल नरसिम्हा राव ने भी नरेश अग्रवाल के बयान पर यूपीए को घेरते हुए ट्वीट किया। ये राष्ट्र के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि नरेश अग्रवाल पाकिस्तान की तरफ हैं, जो उनके साथ खाना खाते हैं और शराब पीते हैं और भारतीय सेना को गालियां देते हैं। सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल करते हैं और कुलभूषण जाधव को आतंकवादी कह रहे हैं। वहीं कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि हम पाकिस्तान से कुछ बेहतर की अपेक्षा नहीं रख सकते। पाकिस्तान का कुलभूषण की मां और पत्नी के साथ किया व्यवहार शर्मनाक है। जाधव से मुलाकात के बाद जब उनकी मां और पत्नी इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तानी विदेश विभाग के दफ्तर से बाहर निकलीं तो पाकिस्तानी मीडिया ने दोनों से बेहद भद्दे और संवेदनहीन सवाल पूछे। ऐसे सवाल जिनसे जाधव परिवार और भारत दोनों की जलालत की जा सके। अब वहां की मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों का एक वीडियो सामने आया है।







