सोना 31,050 रुपए प्रति दस ग्राम, चांदी 40,300 रुपए प्रति किलोग्राम
नई दिल्ली, 16 जनवरी। वैश्विक सराफा बाजार में सोने के चार माह के उच्चतम स्तर पर पहुंचने, डॉलर की तुलना में रुपए में आई बड़ी गिरावट के बीच स्थानीय स्तर पर निकली जेवराती मांग से घरेलू सराफा बाजार में सोने- चांदी की कीमतें लगातार पांचवें सत्र में तेजी देखने को मिली। मंगलवार को राजधानी दिल्ली के सराफा बाजार में सोना 100 रुपए चमककर चार महीने से अधिक के उच्चतम स्तर 31,050 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इसी तरह चांदी भी 100 रुपए की बढ़त में डेढ़ माह से अधिक के उच्चतम स्तर 40,300 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।
फरवरी का अमरीकी सोना वायदा 2.70 डॉलर की बढ़त में 1,337.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी हाजिर 0.19 डॉलर लुढ़ककर 17.15 डॉलर प्रति औंस पर रही।
बुलियन बाजार के विश्लेषकों का कहना है कि विदेशी बाजारों में सोने में गिरावट रही। दुनिया की छह अन्य प्रमुख मुद्राओं वाला डॉलर का सूचकांक चढऩे से सोना हाजिर 4.55 डॉलर टूटकर 1,336.80 डॉलर प्रति औंस रह गया। डॉलर के मजबूत होने से अन्य मुद्रा वाले देशों के लिए सोने का आयात महंगा हो जाता है। इससे माँग घटती है और कीमतों में नरमी आती है।







