लखनऊ, 24 फरवरी। केन्द्रीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रानिक मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि ओप्पो और सैमसंग के नोएडा में विस्तार के लिए केन्द्र सरकार ने 6774 करोड़ रूपए की योजना को स्वीकृति दी है। प्रसाद ने गुरुवार को यहां आईटी एण्ड आईटीईएस सर्विंग द् वर्ल्ड विषय पर आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने उद्यमियों के लिए निवेश का जो माहौल तैयार किया है, वह आगे चलकर मील का पत्थर साबित होगा। जनता की शक्ति के लिए डिजिटल शक्ति चाहिए। टेक्नालॉजी की शक्ति के उपयोग से ही भारत में क्रान्तिकारी बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि 130 करोड़ की आबादी वाले भारत में लगभग 121 करोड़ मोबाइल फोन का उपयोग हो रहा है, जिसमें 40-45 करोड़ लोग स्मार्ट फोन का उपयोग कर रहे हैं तथा 120 करोड़ लोग आधार से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्षेत्र में भारत को विश्व लीडर बनना है।







