हम केंद्र सरकार से अलग हो रहे हैं लेकिन एनडीए का हिस्सा बने रहेंगे: चंद्रबाबू नायडू
नई दिल्ली, 08 मार्च। टीडीपी और बीजेपी के बीच बात नहीं बनी और दोनों के बीच दूरी बढ़ गयी। नाटकीय घटनाक्रम के बीच टीडीपी के दोनों मंत्रियों ने गुरुवार शाम इस़्तीफा दे दिया। इससे पहले विशेष दर्जे की मांग पर अड़े आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से प्रधानमंत्री मोदी की बात करने का भी कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। इसके बाद गुरुवार शाम टीडीपी के दोनों मंत्रियों ने पीएम मोदी से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। पीएम नरेंद्र मोदी ने खुद चंद्रबाबू को फोन किया, लेकिन वह टीडीपी के मंत्रियों को सरकार में बने रहने के लिए नहीं मना सके। हालांकि टीडीपी का कहना है कि हम केंद्र सरकार से अलग हो रहे हैं, लेकिन एनडीए का हिस्सा बने रहेंगे। वाईएस चौधरी ने कहा, मैं और मेरे साथी अशोक गजपति राजू मंत्री परिषद से इस्तीफा दे रहे हैं, लेकिन टीडीपी एनडीए में बनी रहेगी।







