नई दिल्ली, 17 मार्च। परिधान क्षेत्र में खुदरा कारोबार करने वाली स्वीडन की कंपनी हेनेस एंड मॉरिट्ज (एचएंडएम) भारत में ऑनलाइन स्टोर खोलने पर विचार कर रही है। कंपनी का लक्ष्य भारत में अपने कारोबार में वृद्धि करना है। कंपनी ने कहा कि अपने ऑनलाइन खरीदारी पोर्टल पर वह ग्राहकों को पूरी उत्पाद श्रृंखला उपलब्ध कराएगी। इस पर परिधानों की विस्तृत श्रृंखला के साथ- साथ केवल ऑनलाइन मिलने वाले उत्पादों की श्रृंखला भी साल भर उपलब्ध रहेगी।
कंपनी के भारतीय परिचालन के प्रबंधक जेने इनोला के मुताबिक भारत 45 वां ऐसा वैश्विक बाजार होगा जहां कंपनी ने अपने ऑनलाइन स्टोर शुरू करेगी। कंपनी इस पर महिला, पुरुष, किशोर, बच्चों, मातृत्व परिधान, बड़े आकार के परिधान इत्यादी उपलब्ध कराएगी। अभी कंपनी भारत के 12 शहरों में 29 स्टोर का परिचालन कर रही है।







