- कांग्रेस महाधिवेशन में बोले मनमोहन सिंह
- जम्मू-कश्मीर में जो हालात हैं, ऐसे हालात राज्य में पहले कभी नहीं रहे
- दिन-प्रतिदिन हमारे बॉर्डर असुरक्षित होते जा रहे हैं
- मोदी सरकार ने नहीं किये पूरे वादे
नई दिल्ली, 18 मार्च। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में चल रहे कांग्रेस महाधिवेशन में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि गलत तरीके से लागू नोटबंदी और जीएसटी ने देश को बर्बाद किया है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से देश के रोजगार पर भी बुरा असर पड़ा है। पूर्व प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश में बिगड़ते हालात का भी जिक्र किया। उन्होंने इसे लेकर मोदी सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई सालों में बीजेपी ने सिर्फ नफरत की बातें की हैं।
उन्होंने कहा कि इस वक्त भारतीय अर्थव्यवस्था तीन बड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है। जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 4 सालों में इन तीनों क्षेत्रों में विकास दर घटी है। मनमोहन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार इन तीनों क्षेत्रों के लिए कुछ नहीं कर रही है।
मोदी सरकार ने नहीं किये पूरे वादे:
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि जब मोदी सरकार सत्ता में आई थी उस वक्त जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे। लेकिन उसने अपने वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं को 2 करोड़ नौकरी देने के वादा किया था, लेकिन 2 लाख नौकरियां भी नहीं मिलीं। मनमोहन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर रही है, जिसके लिए 12 फीसदी विकास दर की जरूरत होगी. उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में मोदी सरकार का यह कहना सोच से परे है।
यूपीए के कार्यकाल में देश का बेहतर विकास हुआ
मनमोहन सिंह ने यूपीए सकार के 10 साल के कार्यकाल की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यूपीए के कार्यकाल में देश का बेहतर विकास हुआ और यूपीए के 10 साल के कार्यकाल में आर्थिक विकास दर 7.8 फीसदी रहा। मनमोहन सिंह ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की अध्यक्षता में यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान देश में बेहतर काम हुए। उन्होंने यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान शुरू की गई कई योजनाओं का जिक्र किया और उसका श्रेय सोनिया गांधी को दिया। मनमोहन सिंह ने कहा कि यूपीए के 10 साल के कार्यकाल के दौरान सोनिया जी ने मेरा मार्गदर्शन किया।







