प्रधानमंत्री ने इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में कहा कि देश को आगे बढ़ाना है तो सीए को अपना काम ईमानदारी से करना होगा. उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद सरकार ने हजारों की संख्या में फर्जी कंपनियों की पहचान की है और जीएसटी लागू होने से 48 घंटे पहले एक लाख कंपनियों पर ताला लगा है.
पीएम मोदी ने कर चोरी में लगी कंपनियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी 37,000 से अधिक कंपनियों की पहचान की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद एक लाख से अधिक कंपनियों का पंजीकरण रद्द कर दिया गया है.
मोदी ने कहा कि एक कड़वी सच्चाई है कि देश में केवल 32 लाख भारतीयों ने दर्शाया है कि उनकी आमदनी सलाना 10 लाख से ऊपर है जबकि करोड़ों लोग ऐसे हैं जो ऊंचे पेशों में लगे हैं. उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद की गयी कार्रवाई का ब्योरा देते हुए कहा कि आंकड़ों की तह में जाने के बाद नजर आया है कि तीन लाख से अधिक कंपनियां संदिग्ध लेन-देन में लिप्त थीं. सरकार ने एक लाख से अधिक कंपनियों का पंजीकरण एक झटके में रद्द कर दिया है और 37,000 से अधिक खोखा कंपनियों की पहचान की गयी है जिनपर सख्त कार्रवाई की जाएगी.







