मामा कॉलोनी से विष्णु विहार तक पहुंची टीम, प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री, पेयजल और दवाएं उपलब्ध कराईं
लखनऊ। फैजुल्लागंज में बाढ़ और जलभराव से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस), प्रखंड लोहिया नगर का राहत अभियान जारी है। जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा के निर्देश पर रविवार को टीम ने मामा कॉलोनी, दाउदनगर और विष्णु विहार कॉलोनी समेत प्रभावित इलाकों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री, शुद्ध पेयजल तथा आवश्यक दवाएं वितरित कीं।
चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्रा के मार्गदर्शन में चले अभियान में स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डन ऋतु राज रस्तोगी, डिविजनल वार्डन सुनील कुमार तिवारी, डिप्टी डिविजनल वार्डन डॉ. पंकज कुमार और स्टाफ ऑफिसर कमलेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने राहत कार्यों में भाग लिया।
टीम ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी परेशानियों की जानकारी ली और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का भरोसा दिलाया। स्वयंसेवक प्रभावित परिवारों की समस्याएं संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में भी जुटे हैं, ताकि किसी परिवार को जरूरी मदद से वंचित न रहना पड़े।
अभियान में शोएब जलाली, दिलशाद अहमद, अनुभव द्विवेदी, ज्ञानेंद्र पांडेय, सनत कुमार, अमिताभ राय, अनुज शर्मा, छोटेलाल, मुकेश सिंह समेत कई वार्डन और स्वयंसेवकों ने योगदान दिया। सिविल डिफेंस की यह पहल आपदा के समय सामुदायिक सहयोग और मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश कर रही है।







