गोल्ड कोस्ट, 13 अप्रैल। 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में पुरूष कुश्ती में बजरंग पुनिया ने 65 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण जीतकर भारत की झोली में 17वां स्वर्ण पदक डाला। वहीं यूपी की दिव्या काकरान ने महिला फ्रीस्टाइल 68 किलो ग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता।
इन पदक विजेताओं को गोल्डकोस्ट स्थित राष्ट्रमंडल खेल विलेेज में भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष श्री बृजभूषण शरण सिंह और राष्ट्रमंडल खेलों में आईओए के प्रतिनिधि आनन्देश्वर पाण्डेय ने मुलाकात कर उन्हें बधाई देते हुए निकट भविष्य में भी अन्य इंटरनेशनल टूर्नामेंट में पदक जीतने के लिए शुभकामनाएं दी।
बजरंग पुनिया ने कुश्ती में पुरुष 65 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा के फाइनल में वेल्स के केन चारिग को मात देकर स्वर्ण जीता। राष्ट्रमंडल खेलों में बजरंग का यह पहला स्वर्ण पदक है। बजरंग ने रियो ओलम्पिक के कांस्य पदक विजेता चारिग को 10-1 से मात दी।

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की दिव्या काकरान को महिला 68 किलोग्राम भार वर्ग में बांग्लादेशी प्रतिद्वंद्वी शिरिन सुल्ताना ने 4-0 से मात दी।
इन खेलों में पहलवान पूजा ढांडा महिला 57 किलोग्राम स्पर्धा के फाइनल में दो अंकों के अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गईं। पूजा को नाइजीरिया की ओडुनायो अडेकुओरोये ने 7-5 से मात दी और भारतीय महिला पहलवान को रजत से संतोष करना पड़ा।
पुरुष फ्रीस्टाइल 97 किलो ग्राम वर्ग में मौसम खत्री को रजत पदक मिला। मौसम को दक्षिण अफ्रीका के मार्टिन इरासमस ने 12-2 से शिकस्त दी।







