मेगा ऑक्शन में चार टीमों के लिए चुने गए खिलाड़ी, 18 अक्टूबर से शुरू होगा क्रिकेट मुकाबलों का रोमांच
मुंबई। चेम्बूर जिमखाना क्रिकेट होम टूर्नामेंट 2026 के मेगा ऑक्शन में क्रिकेट, ग्लैमर और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। बिग बॉस फेम अभिनेत्री डोनल बिष्ट की मौजूदगी और पंजाबी गायिका सिमरन भारद्वाज की लाइव परफॉर्मेंस कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे।
कार्यक्रम का उद्घाटन चेम्बूर जिमखाना के अध्यक्ष सुरिंदर कुमार शर्मा और डोनल बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद खिलाड़ियों की मेगा नीलामी शुरू हुई। डोनल बिष्ट ने पहली बोली लगाकर आयोजन का रोमांच बढ़ाया। टूर्नामेंट में चार टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके खिलाड़ियों का चयन नीलामी के जरिए किया गया।
सिमरन भारद्वाज ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति से मौजूद लोगों का मनोरंजन किया। वहीं, खिलाड़ियों और टीम मालिकों में नीलामी को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
चेम्बूर जिमखाना के अध्यक्ष सुरिंदर कुमार शर्मा ने कहा कि टूर्नामेंट का उद्देश्य सदस्यों को क्रिकेट प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ टीम भावना, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। अभिनेत्री डोनल बिष्ट ने भी आयोजन की सराहना करते हुए टूर्नामेंट की सफलता की उम्मीद जताई।
18 अक्टूबर से शुरू होने वाले मुकाबलों में चारों टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। अब क्रिकेट प्रेमियों को मैदान पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन और रोमांचक मुकाबलों का इंतजार है।







