साथियों
गर्मजोशी से आपसे यह अपील है। मंगलवार 1 मई की प्रातः 11 बजे प्रेस क्लब, चाइना बाज़ार गेट, लखनऊ, में श्रमजीवियों की मई दिवस रैली में आयें।
हत्यारों और माफ़ियाओं से श्रमजीवी पत्रकारों की सुरक्षा हेतु, मजीठिया वेतनमान लागू कराने हेतु, छोटे-मंझोले समाचार पत्रों को जीएसटी के बोझ से मुक्ति दिलाने हेतु, आपके जीवन को सुगम बनाने हेतु, अपने कन्फ़ेडरेशन द्वारा आयोजित इस रैली में शिरकत करें। IFWJ अध्यक्ष साथी के विक्रम राव इसका सभापतित्व करेंगे।
इस वर्ष गांधी जयंती (2 अक्टूबर 2018) को हमारा कन्फ़ेडरेशन 40 वर्ष पूरा करेगा। भारत के सत्तर हज़ार से अधिक समाचार पत्र तथा संवाद समितियों के इस शीर्ष संगठन की स्थापना मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के सीमावर्ती चित्रकूट धाम में, मंदाकिनी तट पर, कामदगिरी के समीप कर्मियों और पत्रकारों का प्रथम संयुक्त संगठन यहाँ हुई थी। इसी जगह राम और भरत का मिलाप भी हुआ था। स्थापना सम्मेलन का उद्घाटन तत्कालीन केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा ने किया था। कन्फ़ेडरेशन के प्रथम अध्यक्ष माकपा श्रमिक नेता कामरेड एस०वाई० कोलहटकर तथा महासचिव पी॰टी॰आई॰ कर्मियों के फ़ेडरेशन के मृणाल घोष निर्वाचित हुए थे। आई॰एफ़॰डबल्यू॰जे॰ के तत्कालीन महासचिव के० विक्रम राव इसके उपाध्यक्ष चुने गये थे। फिर क्रमानुसार अहमदाबाद (टाइम्स आफ़ इंडिया यूनियन) के डा० मुकुल सिन्हा,केरल के वक़ील और मज़दूर नेता थंपन थामस, मुंबई के मेयर तथा सांसद डा० शांतिभाई पटेल तथा पंद्रह लाख सदस्यों वाले ऑल इंडिया रैलवेमेंस फ़ेडरेशन के अध्यक्ष स्वर्गीय उमरावमल पुरोहित निर्वाचित हुए थे।
हमारी लखनऊ श्रमजीवी पत्रकार यूनियन द्वारा आयोजित इस रैली में आप सहभागी बने। हमारा अनुरोध है।
शुभकामनाओं के साथ
भवदीय, शिव शरण सिंह, अध्यक्ष, मो० 9415003886
के विश्वदेव राव, महासचिव, मो० 9415010300
लखनऊ मंडल श्रमजीवी पत्रकार यूनियन
दिल्ली में रैली
आई॰एफ़॰डबल्यू॰जे॰ के कोषाध्यक्ष साथी राम पी यादव (एकनामिक टाइम्स से अवकाश प्राप्त) सूचित करते है की गांधी शांति प्रतिष्ठान में अपने नैशनल कन्फ़ेडरेशन द्वारा मंगलवार की संध्या शाम पाँच बजे मई दिवस रैली आयोजित होगी। इसे कन्फ़ेडरेशन के महासचिव हवलदार सिंह, नैशनल कन्फ़ेडरेशन ऑफ न्यूज़पेपर एम्प्लॉईज़ के महासचिव चन्द्रमोहन पपने (इंडियन इक्स्प्रेस और जनसत्ता यूनियन), आई॰एफ़॰डबल्यू॰जे॰ के उपाध्यक्ष गोपाल मिश्रा, विधि सलाहकार अश्वनी दुबे (अधिवक्ता सर्वोच्च न्यायालय) और सचिव (दिल्ली)विपिन धूलिया तथा यू॰एन॰आई॰ बचाओ संघर्ष समिति के उपेन्द्र मिश्रा सम्बोधित करेंगे। विभिन्न राज्य मुख्यालयों में आई॰एफ़॰डबल्यू॰जे॰ और कन्फ़ेडरेशन ऐसी ही मई दिवस रैलियाँ कर रहा है।







