रेलवे ने आफर किया टूर पैकेज
नई दिल्ली,03 मई। अगर आप इन छुट्टियों में अपने परिवार के साथ आगरा जाकर ताजमहल देखना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। अब आप महज दो हजार रुपए में ताजमहल का दीदार कर सकते हैं। दरअसल इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म डिपार्टमेंट (आईआरसीटीसी) आगरा के लिए एक दिन का विशेष टूर पैकेज दे रहा है। इस पैकेज का नाम ‘फुल डे आगरा गाइडेड टूर’ रखा गया है। इस ट्रिप पर पहुंचने के लिए आपको आगरा कैंट तक पहुंचना होगा, क्योंकि इस पैकेज के तहत आपके सफर की शुरुआत आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से होगी और अंत भी यहीं होगा।
इस बीच आपको स्थानीय पर्यटक स्थलों पर घुमाया जाएगा। हालांकि इस पैकेज में ट्रेन टिकट शामिल नहीं होगा। इसके लिए आपको अलग से खर्च करना होगा। आईआरसीटीसी के मुताबिक यह ऑफर पांच मई से लेकर चार जनवरी 2019 तक है। यह पैकेज शुक्रवार के अलावा हर रोज उपलब्ध होगा। इस सफर पर आपको अपने साथ अपनी पहचान के लिए वोटर आईडी या कोई दूसरा पहचान पत्र ले जाना होगा।







