- अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम को लेकर अध्यादेश लाए सरकार
- प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बीच हुई वार्ता सार्वजनिक की जाये
- 9 मई को सांसद की पुस्तक का होगा लोकार्पण
पटना, 06 मई। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी बिहार के जोकीहाट और झारखंड के सिल्ली विधान सभा उपचुनाव में उम्मीदवार उतारेगी। आज पटना में पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि सिल्ली से संजय प्रसाद यादव जन अधिकार पार्टी (लो) के उम्मीदवार होंगे, जबकि जोकीहाट के लिए पार्टी के वरीय पदाधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद उम्मीदवार के नाम की घोषणा कल की जाएगी। पार्टी पूरी ताकत दोनों सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
सांसद ने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम को लेकर अध्यादेश लाने और विशेष राज्य का दर्जा को लेकर आगामी 9 मई को आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की घोषणा की। पार्टी ने 9 मई को पटना के बापू सभागार में छात्र-युवाओं की बैठक बुलाई है और उसी दिन आंदोलन की रणनीति पर चर्चा होगी। इसी कार्यक्रम में सांसद श्री यादव की पुस्तक ‘जेल’ का लोकार्पण भी किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि विशेष राज्य के दर्जा को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलायी गयी थी। उन्होंने कहा कि बैठक में बिहार को लूटने वाले और धार्मिक उन्माद फैलाने वालों को साथ-साथ बुलाया गया। चुनाव के वर्ष में विशेष राज्य के दर्जे के नाम पर राजनीति की जा रही है। इस बात को जनता भी समझ रही है। विशेष राज्य के दर्जा के मुद्दे पर विधवा विलाप बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम को यथावत बनाये रखने के लिए अध्यादेश लाया जाना चाहिए, ताकि दलितों के अधिकारों और उनके मान-सम्मान की रक्षा की जा सके।
सांसद ने कहा कि पिछले दिनों दिल्ली में प्रधानमंत्रत्री नरेंद्र मोदी से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुलाकात की थी। दोनों के बीच हुई बातचीत को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जतायी कि प्रधानमंत्री द्वारा विशेष राज्य के दर्जे की मांग को अस्वीकार किये जाने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर सर्वदलीय बैठक बुलायी गयी थी।
सासंद ने कहा कि देश में नफरत की राजनीति फैलायी जा रही है। जिन्ना के नाम पर भारतीय इतिहास को मिटाने का प्रयास किया जा रहा है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय पर हमला भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं पर हमला है। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है। श्री यादव ने कहा कि मुसलमानों की आड़ में देश के 37 करोड़ दलितों के अधिकारों पर हमला किया जा रहा है। दलितों के संघर्षों के इतिहास को मिटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी (लो) ऐेसे किसी भी प्रयास की निंदा करती है और ऐसी कोशिश का विरोध करेगी। पत्रकार वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन पप्पू भी मौजूद थे।






