कर्नाटक में बीजेपी के सामने नया संकट, सुप्रीम कोर्ट से बहुमत साबित करने का मिला बस एक दिन का समय
नई दिल्ली,18 मई। कर्नाटक में बीजेपी के आगे नया संकट खड़ा हो गया हैं बहुमत साबित करने के लिए अब उसको सुप्रीम कोर्ट ने महज 24 घंटे का समय दिया हैं। बीजेपी को सरकार बनाने के लिए न्यौता देने के राज्यपाल के फैसले को चुनौती दिये जाने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि क्यों ना फ्लोर टेस्ट शानिवार को ही करा लिया जाये, ताकि किसी भी दल को समय नहीं मिलेगा। इससे पहले येदियुरप्पा की ओर से वकील मुकुल रोहतगी ने राज्यपाल को दिए गए येदियुरप्पा के पत्रों को कोर्ट में पढ़कर सुनाया। मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला दिया है अब येदियुरप्पा को शनिवार शाम 4 बजे अपना बहुमत साबित करना ही होगा।
कोर्ट ने यह भी साफ कर दिया कि जब तक शक्ति परीक्षण पास नहीं कर लेते, तब तक मुख्यमंत्री बीएस येद्दयुरप्पा कोई भी नीतिगत फैसला नहीं ले सकते। इसके अलावा कोर्ट ने कहा है कि विधायकों के शपथग्रहण से पहले एंग्लो इंडियन सदस्य को मनोनीत नहीं किया जा सकता है।
हालांकि भाजपा की ओर से इसका विरोध करते हुए कुछ समय और मांगा गया, लेकिन कोर्ट ने इसके लिए इन्कार कर दिया। इसके लिए भाजपा के वकील सात दिन का समय चाहते थे।
बेहतर होगा कि शनिवार को बहुमत परीक्षण हो: सुप्रीम कोर्ट
मामले की सुनवाई शुरु होते ही बीजेपी की ओर से वकील मुकुल रोहतगी ने येदियुरप्पा की ओर से राज्यपाल को भेजे गए दोनों पत्र सुप्रीम कोर्ट में पेश किए और दलील दी कि बीजेपी राज्य में सबसे बड़ी पार्टी है। रोहतगी ने कांग्रेस और जेडीएस को अपवित्र बताया है। उन्होंने कहा कि नंबर दो और नंबर तीन पार्टियां बीजेपी से काफी पीछे हैं। सुनवाई के दौरान जस्टिस सीकरी ने सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर दो पार्टियां अपने-अपने दावे कर रही हैं, तो गवर्नर ने किस आधार पर फैसला किया। इस पर बीजेपी के वकील ने कहा कि ये राज्यपाल का विशेषाधिकार है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने प्रस्ताव देते हुए कहा कि बेहतर होगा कि शनिवार को बहुमत परीक्षण हो। सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार शाम 4 बजे फ्लोर टेस्ट कराने का फैसला सुनाया है।
हम कल फ्लोर टेस्ट को तैयार: सिंघवी
कांग्रेस की तरफ से बहस कर रहे मनु सिंघवी ने कहा कि कांग्रेस कल फ्लोर टेस्ट कराने को तैयार है। अपना पक्ष रखते हुए सिंघवी बोले- येदियुरप्पा ने कहा कि हमारे साथ अलां- फलां विधायक हैं, लेकिन ABC कौन-कौन साथ हैं। यह साफ़ नहीं है। दूसरी ओर कांग्रेस-जेडीएस ने सभी 117 के नाम लिख कर राज्यपाल को दिए। मनु सिंघवी ने फ्लोर टेस्ट की वीडियोग्राफी कराये जाने की भी बात कही। वही कपिल सिब्बल का कहना है कि जेडीएस भी चाहती है कि जल्द से जल्द फ्लोर टेस्ट हो।







