निर्माण का प्रबंधन देखेगी आर.ई.पी.एल
मेरठ, 05 जून। रक्षा मंत्रालय (भारत सरकार) के अधीन, महानिदेशक – विवाहित आवास परियोजना (एमएपी), ने मेरठ में सशस्त्र बलों के लिए सभी बुनियादी सुविधाओं सहित उच्च गुणवत्ता वाले आवासों के निर्माण के लिए देश की अग्रणी शहरी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर कंसल्टेंसी कंपनी रुद्राभिषेक एंटरप्राइजेज लिमिटेड (आरईपीएल) को इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए कंसलटेंट नियुक्त किया है। आरईपीएल को शहरी विकास और आधारभूत संरचना, भवन डिजाइन, इंजीनियरिंग और पीएमसी में व्यापक अनुभव है। इसके साथ ही यह कंपनी वाराणसी, कानपुर, इंदौर और देहरादून जैसे कई शहरों में स्मार्ट सिटी के क्रियान्वन मे भी बड़ी भूमिका निभा रही है और साथ ही साथ उत्तर प्रदेश के 128 नगरों मे चल रही प्रधानमंत्री आवास योजना मे भी सम्मलित है।
2001 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अगुवाई वाली सरकार द्वारा सुरक्षा कर्मियों के लिए विवाहित आवास परियोजना (एमएपी) शुरू की गई थी। इस योजना के तहत रक्षा कर्मियों के लिए तीन चरणों में लगभग दो लाख घरों का निर्माण किया जाना है। पहले दो चरणों का कार्य पूरा हो चुका है और अब तीसरे और अंतिम चरण के लिए निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी भी प्रारम्भ हो गई है।
श्री हरीश शर्मा (चीफ बिजनेस ऑफिसर एंड ऑपरेशंस-आरईपीएल) ने बताया कि आरईपीएल निर्माणाधीन चरण से प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद तक तक इस परियोजना का पूर्ण प्रबंधन करेगा। इसमें विस्तृत इंजीनियरिंग और परियोजना प्रबंधन शामिल होगा, जिसमें सलाहकार विस्तृत वास्तुशिल्प, संरचनात्मक, विद्युत एवं जल आपूर्ति, सीवेज प्रबंधन जैसी सभी इकाइयों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाएगी। इसके बाद डिजाइन विवरण को किसी भी आई.आई.टी के माध्यम से प्रमाणित किया जाएगा । आवासीय इकाइयों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बहु-मंजिला अवधारणा में तैयार की जाएगी, जिसमें ग्रीन बिल्डिंग के मानदंडों का भी पालन किया जाएगा।
इस परियोजना मे आरईपीएल निर्माण कार्य मे लगे ठेकेदारों के कामों का भी पूरा विवरण रखेगी और उसकी निगरानी भी करेगी कि इस परियोजना का काम उसके नक्शे/डिजाइन, विनिर्देश और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो । आरईपीएल ठेकेदारों की नियुक्ति, बीओक्यू की तैयारी, कार्य प्रगति की निगरानी आदि के हरेक पहलू मे शामिल होगी और अपनी एक्सपर्ट सलाह भी देगी ।
आरईपीएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) प्रदीप मिश्रा ने कहा, ‘‘यह बहुत गर्व का विषय है कि महानिदेशक – विवाहित आवास परियोजना (डीजीएमएपी) ने मेरठ परियोजना के कार्यान्वयन पर सलाह देने के लिए आरईपीएल का चयन किया है, जो रक्षा कर्मियों और उनके परिवारों के लिए एक सुखद माहौल में रहने की व्यवस्था करेगा। यह परियोजना का भागीदार बनना, प्रबंधन परामर्शदाता के रूप में हमारी क्षमता और प्रदर्शन को दर्शाता है और यह उद्योग जगत और सरकार का हम पर बढ़ता आत्मविश्वास है। हम इस परियोजना की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए पूर्णरूप से प्रतिबद्ध हैं‘‘।







