केंद्र की नई गाइडलाइन पर परखी जाएंगी सुविधाएं; वेंटिलेटर, ऑक्सीजन और डॉक्टरों की उपलब्धता की होगी जांच, अनावश्यक भर्ती और फर्जी क्लेम पर कसेगी नकेल
लखनऊ: आयुष्मान कार्ड धारकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश सरकार ने सख्त कदम उठाया है। योजना में सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) की वास्तविक स्थिति परखने के लिए विशेष ऑडिट शुरू किया गया है। स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) ने इसके लिए ऑडिट एजेंसियों को विस्तृत चेकलिस्ट जारी कर 30 नवंबर तक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
केंद्र की 2026 गाइडलाइन और तीन स्तरों पर जांच
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) की वर्ष 2026 की नई गाइडलाइन के मानकों के आधार पर अस्पतालों की समीक्षा की जा रही है। इसके तहत मरीज की गंभीरता के अनुसार आईसीयू को तीन श्रेणियों में बांटा गया है:
लेवल-1 आईसीयू: किसी एक अंग की कार्यक्षमता प्रभावित होने पर शुरुआती उपचार और सामान्य निगरानी वाले मरीजों के लिए।
लेवल-2 आईसीयू: दो या अधिक अंगों के प्रभावित होने पर लगातार सक्रिय चिकित्सा सहायता और उन्नत निगरानी के लिए।
लेवल-3 आईसीयू: मल्टी-ऑर्गन फेल्योर जैसे अति-गंभीर मरीजों के लिए, जहां अत्याधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की चौबीसों घंटे जरूरत होती है।
वेंटिलेटर से लेकर ब्लड बैंक तक की होगी पड़ताल
ऑडिट एजेंसियां चेकलिस्ट के आधार पर प्रत्येक बेड के लिए निर्धारित स्थान, वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मॉनिटर, ऑक्सीजन व सक्शन सुविधा और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था की जांच करेंगी। इसके साथ ही डॉक्टरों की योग्यता, मरीजों के अनुपात में प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ, लैब, ब्लड बैंक और एंबुलेंस सेवाओं का भी आकलन होगा।
फर्जीवाड़े पर लगेगा अंकुश
इस विशेष समीक्षा से यह सुनिश्चित होगा कि अस्पताल जिस स्तर के आईसीयू का दावा कर रहे हैं, वहां उसी अनुरूप संसाधन मौजूद हों। इससे गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज मिलने के साथ-साथ अनावश्यक आईसीयू भर्ती और फर्जी क्लेम बुकिंग जैसी अनियमितताओं पर भी प्रभावी रोक लगेगी।






