लखनऊ, 09 जून। प्रधानमंत्री बार बार बुलेट ट्रेन का जिक्र करते है जबकि वास्तविकता यह है कि देश की साधारण रेलवे सेवा ही पटरी पर नही है। मेमो में भूसा जैसी सवारी, रास्ते भर झगड़े, बिना सुरक्षा यात्रा और लेट लतीफी, गंदगी, टूटी सीटे भारतीय रेल की पहचान बनती जा रही है। अब ताजा मामला और भी चौकाने वाला है। वरुणा एक्सप्रेस में यात्रियों ने टिकट तो बनारस से कानपुर तक का लिया था लेकिन लखनऊ पहुंचने पर अचानक ट्रेन को निरस्त कर दिया गया। इसकी जानकारी जब यात्रियों को हुई तो उन्होंने स्टेशन पर हंगामा करना शुरू कर दिया। किसी तरह समझा बुझाकर यात्रियों का गुस्सा शांत किया गया। वहीं, लखनऊ जंक्शन पर पानी की किल्लत को लेकर यात्रियों ने हंगामा किया। स्टेशन पर मोटर फूंक जाने की वजह यात्रियों को शुक्रवार से पानी नहीं मिल पा रहा है।
बताया जा रहा है कि बनारस से कानपुर वाया लखनऊ चलने वाली वरुणा एक्सप्रेस शनिवार को बनारस से ये 6 घंटे देरी से रवाना हुई थी। कई यात्रियों ने बनारस से कानपुर तक का टिकट लिया था। ट्रेन जब लखनऊ पहुंची तो रेल कर्मचारियों ने उनको बताया कि अब ट्रेन आगे नहीं जाएगी। ये सुनते ही यात्री भड़क गए और उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। वहीं, रेलवे ने ऑनलाइन ट्रेन को पहले निरस्त कर दिया जबकि कंट्रोल रूम को इसकी सूचना काफी देर से दी। वहीं, लखनऊ जंक्शन पर मोटर जल जाने की वजह से शुक्रवार से पानी संकट बना हुआ है। चारबाग रेलवे स्टेशन के फर्स्ट क्लास पोर्टिको में लगा एनाउंसमेंट सिस्टम पिछले कई दिनों से खराब चल रहा है। इसकी वजह यात्रियों को ट्रेनों के आने जाने की सूचना नहीं मिल पा रही है। इससे कई यात्रियों की ट्रेनें भी छूट गई।
वहीं, पोर्टिकों के पास ही कुलियों के बैठने का स्थान है। उनको ट्रेनों की सूचनाएं नहीं मिल पा रही है। शनिवार को कई यात्रियों और कुलियों ने इसकी शिकायत रेलवे अधिकारियों से की है।रेल मंत्री की फटकार के बाद भी ट्रेनों की लेटलतीफी कम होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को गोरखपुर से यशवंतपुर जाने वाली ट्रेन 12591 यशवंतपुर एक्सप्रेस 12 घंटे देरी से रवाना हुई। इससे नाराज यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा किया। वहीं, बरेली प्रयाग पैसेंजर 13 घंटे व चम्पारन हमसफर 19 घंटे देरी से लखनऊ पहुंची। साथ ही गोरखपुर देहरादून एक्सप्रेस 10 घंटे, शहीद एक्सप्रेस 8 घंटे, भोपाल प्रतापगढ़ एक्सप्रेस 11 घंटे, कोटा पटना एक्सप्रेस 7 घंटे, दिल्ली दरभंगा स्पेशल 11 घंटे देरी से लखनऊ पहुंची।







