श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर में रमजान खत्म होने के बाद एकबार फिर से ऑपरेशन ऑलआउट पार्ट-2 शुरू हो गया है और पहले ही दिन इंडियन आर्मी ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं कि आने वाले दिनों में आतंकियों का मौत से सामना होने वाला है। दरअसल, कश्मीर में दो अलग-अलग जगहों में सेना ने आतंकियों को घेर लिया है। दक्षिण कश्मीर के बांदीपुरा में तो सेना के जवानों ने 4 आतंकियों को मौत के घाट भी उतार दिया है। वहीं बताया जा रहा है कि बिजबेहारा में सेना ने आतंकियों को घेर लिया है और मुठभेड़ जारी है। आपको बता दें कि रमजान खत्म होने के बाद घाटी में से सीजफायर हटा लिया गया है और एकबार फिर से ऑपरेशन ऑलआउट कश्मीर में शुरू हो गया है, जिसके तहत सेना का आज पहला ऑपरेशन है। आपको बता दें कि बांदीपुरा के पनार के जंगलों में अभी 4 दिन पहले सेना ने 4 आतंकियों को एनकाउंटर के दौरान मार गिराया था। इस एनकाउंटर में सेना का एक जवान भी शहीद हो गया था। बांदीपुरा में पिछले 10 दिनों से सेना का एनकाउंटर चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, बांदीपुरा के पनार के जंगलों में 13 और आतंकी मौजूद हैं, जो जंगलों में ही छिपे हुए हैं।
सोमवार तड़के ऑपरेशन ऑलआउट पार्ट-2 के पहले दिन ही सेना को बांदीपुरा और बिजबेहारा इलाके में आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली। इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। खबर लिखे जाने तक बिजबेहारा में एनकाउंटर जारी है तो वहीं बांदीपुरा में 4 आतंकियों को मार गिराया गया है। बताया जा रहा है कि बांदीपुरा में आतंकियों से मुठभेड़ अभी भी जारी है। रविवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कश्मीर में लागू सीजफायर को हटाने का ऐलान किया था। साथ ही सुरक्षाबलों को ये निर्देश भी दिए थे कि घाटी में फिर से ऑपरेशन ऑलआउट शुरू किया जाए। आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने बिजबेहारा में पहला ऑपरेशन शुरू किया है। कश्मीर में रमजान से पहले तक ऑपरेशन ऑलआउट चल रहा था, लेकिन रमजान के चलते भारत सरकार ने कश्मीर में सीजफायर लागू कर दिया था, लेकिन हालात नहीं बदले थे और घाटी में पत्थरबाजी और आतंकी घटनाओं के साथ-साथ बॉर्डर पर पाकिस्तानी गोलीबारी जारी थी। यह संघर्षविराम रमजान के पाक महीने के दौरान राज्य में 16 मई को घोषित किया गया था। बता दें कि 17 मई से 14 जून के बीच जम्मू-कश्मीर में कुल 62 आतंकी घटनाएं हुईं।







