मुंबई, 26 जून। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का कहना है कि भारत इंग्लैंड के दौरे पर कई सालों बाद अपने सबसे पूर्ण तेज गेंदबाजी आक्रमण के साथ उतरेगा जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके 24 साल के करियर के दौरान कभी नहीं हुआ। भारत अपने लगभग तीन महीने के ब्रिटेन दौरे की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ 27 जून से दो टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के साथ करेगा लेकिन सभी की नजरें एक अगस्त से बर्मिंघम में शुरू हो रही पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला पर टिकी हैं।
तेंदुलकर ने पीटीआई एजेंसी से कहा कि कई वर्षों में यह भारत का सबसे पूर्ण तेज गेंदबाजी अक्रामण है। उनका कहना है कि मेरे आकलन के अनुसार यह आक्रमण सर्वश्रेष्ठ में से एक होगा। अपने करियर के दौरान 200 टेस्ट खेलने वाले तेंदुलकर ने कहा कि भारत के पास कुछ अच्छे तेज गेंदबाज रहे हैं लेकिन इतनी विविधता वाला आक्रमण उसके पास कभी नहीं रहा।
तेंदुलकर ने कहा, हम अच्छी स्थिति में हैं जहां हमारे पास एक स्विंग गेंदबाज (भुवनेश्वर कुमार), एक लंबा गेंदबाज (इशांत शर्मा), सटीक गेंदबाज (जसप्रीत बुमराह) और असल मायने में तेज गेंदबाज (उमेश यादव) है।
टेस्ट और एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले तेंदुलकर ने भुवनेश्वर की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि वह अपनी आलराउंड क्षमता से भारत की स्थिति मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने कहा, भारत की मौजूदा टीम लगातार ऐसे तेज गेंदबाजों पर ध्यान दे रही है जो बल्ले से भी अच्छा योगदान दे सकें।







